Iran News: इजरायल-ईरान संघर्ष में Iran के सुप्रीम लीडर रहे अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी, जिसके बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनाया गया है. अब ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर ब्रिटिश मीडिया ने बड़ा दावा किया है. ब्रिटिश अखबार ‘द सन’ ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया कि मोजतबा खामेनेई कोमा में है. उनका एक पैर भी कट गया है. ‘द सन’ की रिपोर्ट के दावे के बाद मोजतबा खामेनेई की हेल्थ को लेकर अटकलें, अफवाहें और दावे बढ़ते ही जा रहे हैं. हलाांकि, अभी तक मोजतबा को लेकर ईरान ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
ब्रिटिश मीडिया के दावे ने हर किसी को हैरान कर दिया. हालांकि मीडिया रिपोर्ट के पहले ही मोजतबा खामेनेई ने सुप्रीम लीडर बनने के बाद पहला संदेश जारी किया था. जिसमें उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में हमले जारी रहेंगे और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की भी नाकेबंदी रहेगी. लेकिन इसी दौरान ब्रिटिश मीडिया के दावे ने चौकाने वाले खुलासे किए. ब्रिटिश की मीडिया कंपनी ‘द सन’ ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की तबीयत काफी खराब है, जिसकी वजह से वह कोमा में हैं. उनका एक पैर भी कट गया है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि मोजतबा की देखरेख ईरान के स्वास्थ्य मंत्री मोहम्मद रजा जफरगंदी की निगरानी में हो रही है.
पेट और लिवर में भी गंभीर चोट का जिक्र
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मोजतबा खामेनेई का इलाज तेहरान की सिना यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में चल रहा है. मोजतबा का पैर भी कटने की बात कही गई है. इसके अलावा रिपोर्ट में बताया कि पेट और लिवर में भी गंभीर चोट आई हैं. सूत्रों के अनुसार, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भी मोजतबा खामेनेई से मिलने सिना अस्पताल जा चुके हैं. अस्पताल में भी सुरक्षा के लिहाज से सिर्फ ऑथराइज्ड लोगों को ही जाने की इजाजत है.
ये भी पढ़ेंः ‘अगर तेल-गैस भंडार पर हमला हुआ, तो होगा महाविनाश’, ईरान ने US -इजरायल को दी खुली धमकी
हालांकि, अभी यह भी क्लियर नहीं हो पाया है कि मोजतबा 28 फरवरी को ही हुए हमले में घायल हुए हैं या किसी और दिन. ईरान की सरकारी मीडिया ने मोजतबा खामेनेई को घायल योद्धा बताया है. मीडिया रिपोर्ट के इन दावों के बीच अभी तक कोई आधिकारिक बयान मोजतबा को लेकर जारी नहीं किया गया है.
