सावधान! क्या आपके नाम पर भी हैं दो LPG गैस कनेक्शन? सरकार कर सकती है बड़ी कार्रवाई, जानिए क्या है नियम

LPG Gas Connection: यदि जांच के दौरान एक ही घर में दो गैस कनेक्शन मिलते हैं, तो तेल कंपनियां तुरंत दोनों को अस्थायी रूप से बंद कर सकती हैं. ऐसी स्थिति में आपको नया सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा. इसे दोबारा शुरू कराने के लिए आपको अपना KYC अपडेट कराना होगा.
LPG GAS

एलपीजी गैस सिलेंडर

LPG Connection: आज मिडल ईस्ट के देशों में बढ़ते तनाव के चलते पूरे देश भर में एलपीजी सिलेंडरों की कमी देखने को मिल रही है. गैस सिलेंडरों की इतनी किल्लत हो गई है कि इसके लिए लोगों के बीच हाथापाई की खबरें भी सामने आ रही हैं. वहीं अगर आपके घर में एलपीजी गैस के एक नहीं बल्कि दो कनेक्शन हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है. अक्सर लोग इमरजेंसी के लिए डबल गैस कनेक्शन रखते हैं, लेकिन इसके प्रति आपको सावधान रहने की जरूरत है. सरकार और तेल कंपनियों के नियमानुसार, एक परिवार के लिए एक ही गैस कनेक्शन मान्य होता है. यदि किसी व्यक्ति के नाम पर एक से अधिक एलपीजी कनेक्शन पाए जाते हैं, तो सरकार उन पर कानूनी कार्रवाई कर सकती है.

कंपनियां कैसे पता लगाती हैं डुप्लीकेट कनेक्शन?

इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस जैसी देश की बड़ी तेल कंपनियां अब मॉडर्न सॉफ्टवेयर सिस्टम का उपयोग कर रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं के पास कितने गैस कनेक्शन हैं, इसका आसानी से पता चल जाता है. यदि किसी उपभोक्ता के नाम पर या एक ही पते (address) पर एक से अधिक गैस कनेक्शन पाए जाते हैं, तो यह सिस्टम तुरंत उसकी जानकारी दे देता है.

दो कनेक्शन मिलने पर क्या कार्रवाई हो सकती है?

यदि जांच के दौरान एक ही घर में दो गैस कनेक्शन मिलते हैं, तो तेल कंपनियां तुरंत दोनों को अस्थायी रूप से बंद कर सकती हैं. ऐसी स्थिति में आपको नया सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा. इसे दोबारा शुरू कराने के लिए आपको अपना KYC अपडेट कराना होगा और अतिरिक्त कनेक्शन को बंद करना होगा. जब तक आप एक कनेक्शन बंद नहीं कराते हैं, तब तक आपकी गैस सप्लाई दोबारा से शुरू नहीं की जा सकती है.

सरकार सब्सिडी की पूरी राशि वापस ले सकती है

यदि कोई उपभोक्ता एक साथ दो एलपीजी गैस कनेक्शनों पर सब्सिडी का लाभ ले रहा है, तो यह सरकारी नियमों का उल्लंघन है. ऐसे मामलों में सरकार आपसे पहले ली गई सब्सिडी की पूरी राशि वापस मांग सकती है और उस पर ब्याज सहित वसूली भी कर सकती है. इसके अलावा, भविष्य में मिलने वाली सब्सिडी पर भी हमेशा के लिए रोक लगाई जा सकती है.

क्या है बीमा से जुड़े नियम?

एलपीजी गैस एक ज़रूरी चीज़ है, इसलिए इसे इस्तेमाल करने के कड़े नियम और सुरक्षा शर्तें होती हैं. गैस कनेक्शन के साथ मिलने वाला दुर्घटना बीमा केवल उसी कनेक्शन पर मिलता है जो सरकारी नियमों के अनुसार सही और वैध हो. यदि घर में अवैध या बिना परमिशन वाला गैस सिलेंडर रखा पाया जाता है और कोई हादसा हो जाता है, तो बीमा कंपनी आपका क्लेम रिजेक्ट कर सकती है. ऐसी स्थिति में आपको कोई आर्थिक मदद नहीं मिलेगी.

ये भी पढ़ें-क्या आपका LPG गैस सिलेंडर जल्दी खत्म हो जाता है? अपनाएं ये आसान किचन हैक्स, दो हफ्ते ज्यादा चलेगी गैस

अगर एलपीजी गैस के दो कनेक्शन हैं तो क्या करें?

  • अगर आपके घर में गलती से दो गैस कनेक्शन हैं, तो सबसे सही यही है कि आप एक को वापस कर दें. इसके लिए बस अपनी गैस एजेंसी जाकर फालतू सिलेंडर और रेगुलेटर जमा कर दें.
  • सामान जमा करने के बाद एजेंसी आपको एक टर्मिनेशन रसीद देगी और जो पैसे आपने शुरू में सिक्योरिटी के तौर पर जमा किए थे वे भी आपको वापस मिल जाएंगे.
  • गैस के नियमों को मानना बहुत ज़रूरी है. अगर आप खुद से एक कनेक्शन बंद करा देते हैं, तो आप भविष्य में होने वाली जांच, भारी जुर्माने या गैस सप्लाई कटने जैसी दिक्कतों से बच जाएंगे.

ज़रूर पढ़ें