QR कोड से पेमेंट करने वाले हो जाएं सावधान, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ‘नकली कोड’ पर भुगतान? ऐसे करें पहचान

Fake QR Code: कई बार देखा गया है कि ठग दुकानों पर अपना नकली QR कोड चिपका देते हैं, जिससे भुगतान का पूरा पैसा उनके खाते में चला जाता है और ग्राहकों को इसका पता भी नहीं चलता. इसलिए ऐसे ठगों से सावधान रहना बहुत ज़रूरी है.
Fake QR Code

फेक QR CODE की पहचान कैसे करें

Fake QR Code: आज के इस डिजिटल ज़माने में हर कोई कैश के बजाय ऑनलाइन पेमेंट करना पसंद करता है. छोटी से लेकर बड़ी दुकानों तक हर जगह ऑनलाइन पेमेंट के लिए QR कोड लगे रहते हैं, जिन्हें स्कैन करते ही तुरंत पेमेंट हो जाता है और पैसा सीधे दुकानदार के अकाउंट में चला जाता है. लेकिन आज लोगों के लिए डिजिटल सेवाएं जितनी आसान और मददगार लग रही हैं, उतनी ही खतरनाक भी साबित हो सकती हैं.

कई बार देखा गया है कि ठग दुकानों पर अपना नकली QR कोड चिपका देते हैं, जिससे भुगतान का पूरा पैसा उनके खाते में चला जाता है और ग्राहकों को इसका पता भी नहीं चलता. इसलिए ऐसे ठगों से सावधान रहना बहुत ज़रूरी है. ऐसे में आइए जानते हैं कि असली और नकली QR कोड की पहचान कैसे करें ताकि आप सुरक्षित रह सकें.

असली और नकली QR CODE कैसे पहचानें?

  • आपने अक्सर देखा होगा कि दुकानों के बाहर या दीवारों पर QR कोड लगे होते हैं.
  • ठग इन्हीं असली QR कोड के ऊपर अपना नकली कोड चिपका देते हैं, जिससे ग्राहक द्वारा किया गया पेमेंट दुकानदार के बजाय सीधे ठगों के खाते में पहुंच जाता है.
  • इसलिए, जब भी आप किसी दुकान या सार्वजनिक स्थान पर QR कोड के जरिए पेमेंट करें, तो उसे एक बार ध्यान से ज़रूर देख लें.
  • यदि आपको थोड़ा सा भी संदेह हो कि असली QR कोड के ऊपर कोई अलग से स्टिकर लगाया गया है, तो पेमेंट न करें और पहले दुकानदार से इसकी कन्फर्म कर लें.

दुकानदार से नाम कन्फर्म करें

जब भी आप किसी दुकानदार या व्यक्ति को पेमेंट करने के लिए QR कोड स्कैन करते हैं, तो ऐप पर उनका नाम या दुकान का नाम दिखाई देता है. इसलिए पेमेंट करने से पहले एक बार दुकानदार से वह नाम पूछ लें और सही जानकारी होने के बाद ही पेमेंट करें.

जल्दबाजी में पेमेंट करने से बचें

कई बार लोग जल्दबाजी के चक्कर में ठगों के शिकार हो जाते हैं. वे अपनी बाइक या कार में बैठे-बैठे ही कैमरे को ज़ूम करके QR कोड स्कैन करते हैं और तुरंत पेमेंट कर देते हैं. ग्राहकों की इसी आदत का फायदा उठाकर ठग आसानी से पैसे ऐंठ लेते हैं. इसलिए QR कोड से पेमेंट करते समय कभी जल्दबाजी न करें और भुगतान करने से पहले नाम के साथ-साथ सभी ज़रूरी जानकारियों को एक बार अच्छी तरह चेक कर लें.

पेमेंट करने के लिए किन ऐप्स का यूज करें

QR कोड स्कैन करने के लिए हमेशा Google Pay, PhonePe, Paytm या BHIM जैसे भरोसेमंद और सुरक्षित UPI ऐप्स का ही इस्तेमाल करें. किसी भी अनजान या संदिग्ध ऐप को डाउनलोड करके पेमेंट करना आपके लिए खतरनाक हो सकता है और आपके खाते की सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है.

ये भी पढ़ें-अब ऑनलाइन ठगी पर मिलेगी राहत! डिजिटल फ्रॉड पीड़ितों को सरकार देगी 25 हजार रुपये, RBI का नया ड्राफ्ट तैयार

धोखाधड़ी या फेक पेमेंट होने पर क्या करें?

  • यदि आपको कभी भी QR कोड के नकली होने का संदेह हो या आपके साथ धोखाधड़ी की कोशिश की गई हो, तो बिना देर किए तुरंत अपने बैंक या UPI ऐप के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं.
  • इसके साथ ही अपने बैंक अकाउंट की सिक्योरिटी सेटिंग्स को हमेशा अपडेट और स्ट्रॉंग रखें, ताकि फ्यूचर में आप ऐसी किसी भी परेशानी या आर्थिक नुकसान से सुरक्षित रह सकें.

ज़रूर पढ़ें