Vistaar NEWS

देश के इस शहर में लगा पहला LPG ATM, सिर्फ 2-3 मिनट में पाएं गैस सिलेंडर, जानिए कैसे करता है काम

LPG ATM Machine

LPG ATM मशीन

LPG ATM Machine: देश भर में एलपीजी की कमी के चलते लोगों के लिए गैस सिलेंडर पाना काफी मुश्किल हो गया है. उपभोक्ता गैस खत्म होने के बाद इसे भरवाने के लिए या तो एजेंसी जाते हैं या घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग करते हैं. हालांकि, बुकिंग के बाद उन्हें गैस के लिए कई दिनों का इंतजार करना पड़ता है, जिससे लोग काफी परेशान होते हैं. उपभोक्ताओं की इसी समस्या को देखते हुए अब देश का पहला LPG ATM खुल गया है. गुरुग्राम शहर से शुरू हुई इस तकनीकी पहल ने सिलेंडर वितरण की प्रणाली को पूरी तरह बदल दिया है. जिस तरह पैसे निकालने के लिए ATM मशीनें होती हैं, ठीक उसी तरह गुरुग्राम में LPG ATM लगाया गया है, जिससे अब लोगों को मात्र 2 से 3 मिनट के भीतर गैस सिलेंडर मिल सकेगा.

कहां पर लगेगी LPG ATM मशीन?

गुरुग्राम शहर के सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में लगाई गई इस LPG ATM मशीन का नाम ‘भारतगैस इंस्टा LPG’ है. इस आधुनिक मशीन के लगने से रेजिडेंशियल टाउनशिप के लोगों को सिलेंडर लेने में काफी आसानी होगी. बता दें कि इस LPG ATM को आधिकारिक तौर पर दो महीने पहले लॉन्च किया गया था और अब इसे उपभोक्ताओं के लिए शुरू कर दिया गया है.

हल्के-आधुनिक कॉम्पोजिट सिलेंडर की सुविधा

LPG ATM मशीन से मिलने वाले गैस सिलेंडर वर्तमान के लोहे वाले सिलेंडरों से बिल्कुल अलग हैं. इसमें मिलने वाले सिलेंडर फाइबर से बने ‘कंपोजिट सिलेंडर’ होते हैं, जिनका कुल वजन लगभग 15 किलो होता है. वहीं पुराने सिलेंडरों का वजन लगभग 31 किलो होता है, जिन्हें उठाने या ले जाने (Carry) में काफी मुश्किल होती है. इसके अलावा, LPG ATM से मिलने वाले ये सिलेंडर पूरी तरह से पारदर्शी होंगे, जिसके जरिए आप आसानी से देख पाएंगे कि उसमें कितनी गैस बची हुई है.

LPG ATM का इस्तेमाल कैसे करें?

LPG ATM मशीन 24×7 काम करती है

एक LPG ATM मशीन के भीतर एक बार में अधिकतम 10 सिलेंडर स्टोर किए जा सकते हैं. जैसे ही स्टॉक में केवल 2 सिलेंडर बचते हैं, वैसे ही नजदीकी गैस एजेंसी को तुरंत अलर्ट चला जाता है कि सिलेंडरों की संख्या कम हो गई है. इसके बाद मशीन में दोबारा 10 सिलेंडर भर दिए जाते हैं. इस मशीन की सबसे खास बात यह है कि यह 24×7 उपलब्ध है. यानी अब आपको गैस सिलेंडर के लिए घंटों इंतजार नहीं करना होगा. आप किसी भी समय इस मशीन के जरिए सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें-एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा एजेंसी, घर बैठे कॉल-SMS से ऐसे करें बुक

BPCL का पायलट प्रोजेक्ट

यह आधुनिक पहल भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के पायलट प्रोजेक्ट का एक अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को दूर करना और इसके वितरण में तेजी लाना है. कंपनी का कहना है कि इससे उपभोक्ताओं के समय की बचत होगी और उन्हें गैस के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. वहीं कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस शहर के बाद देश के अन्य शहरों में भी LPG ATM मशीनें लगाई जाएंगी.

Exit mobile version