भूल गए प्लेटफॉर्म या ट्रेन का समय? अब स्टेशन पर रोबोट देंगे आपके हर सवाल का जवाब, जानिए कैसे करेंगे काम

Indian Railways Humanoid Robot: रेलवे का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशनों पर तकनीक का इस्तेमाल जरूरी हो गया है. इसी बीच ऐसे रोबोट तैयार किए जा रहे हैं, जो यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनके सवालों के जवाब दे सकेंगे.
Indian Railways Humanoid Robot

ह्यूमनॉइड रोबोट

Indian Railways Humanoid Robot: आज AI और रोबोट का दौर चल रहा है. हर सेक्टर में AI अहम भूमिका निभा रहा है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बढ़ावा देने के लिए सरकार भी पूरी कोशिश कर रही है. इसी बीच भारतीय रेलवे एक नई पहल की शुरुआत करने जा रही है. इस पहल से यात्रियों के साथ-साथ रेलवे के कर्मचारियों को भी फायदा होगा. दरअसल, रेलवे विभाग देश के कुछ प्रमुख स्टेशनों पर रोबोट तैनात करने की तैयारी कर रहा है. ये रोबोट जानकारी देने से लेकर स्टेशनों पर भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सभी गतिविधियों पर नजर रखने का काम करेंगे.

अक्सर देखा जाता है कि त्योहारों और खास मौकों पर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की ज्यादा भीड़ के कारण अव्यवस्थित माहौल बन जाता है, जिसे नियंत्रित करना कर्मचारियों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है. विभाग की इस पहल से रेल यात्रा पहले से और भी बेहतर और सुगम हो सकेगी.

ह्यूमनॉइड रोबोट्स को लाना क्यों जरूरी है?

रेलवे का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशनों पर तकनीक का इस्तेमाल जरूरी हो गया है. इसी बीच ऐसे रोबोट तैयार किए जा रहे हैं, जो यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनके सवालों के जवाब दे सकेंगे. यदि कोई यात्री प्लेटफॉर्म भूल जाता है या रास्ता भटक जाता है, तो ये रोबोट उनकी मदद करेंगे. इसके अलावा जरूरत पड़ने पर ये स्टेशन की सुरक्षा टीम को अलर्ट भी भेज सकेंगे. इस पहल से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था भी पहले से अधिक मजबूत होगी.

ह्यूमनॉइड रोबोट्स कैसे मदद करेंगे?

  • रेलवे के अनुसार, इन ह्यूमनॉइड रोबोट्स को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि वे स्टेशनों पर आने वाले यात्रियों को बिना किसी देरी के तुरंत जानकारी दे सकें.
  • स्टेशनों पर अक्सर यात्रियों को प्लेटफॉर्म, ट्रेन के समय या स्टेशन के दूसरे हिस्सों की सही जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे उन्हें गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी होती है.
  • ऐसे में ये रोबोट यात्रियों से सीधे उनकी अपनी भाषा में बातचीत कर उन्हें सभी आवश्यक जानकारियां देंगे.
  • इन रोबोट्स की एक खास बात यह है कि ये कई भाषाओं में बात कर सकते हैं, जिससे यात्रियों के लिए चीजों को समझना आसान हो जाएगा.
  • इसके अलावा, ये रोबोट यात्रियों को स्टेशन के अंदर रास्ता बताने, टिकट काउंटर या वेटिंग एरिया तक गाइड करने का काम भी करेंगे.

क्राउड मैनेजमेंट और सुरक्षा में करेंगे हेल्प

त्योहारों के समय लोग अपने घरों को जाते हैं, जिससे स्टेशनों पर भारी भीड़ हो जाती है और उसे नियंत्रित करना कठिन हो जाता है. अब ये ह्यूमनॉइड रोबोट्स इस भीड़ को संभालने के साथ-साथ स्टेशन पर होने वाली गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखेंगे. इन रोबोट्स के माध्यम से किसी भी तरह की संदिग्ध जानकारी तुरंत सुरक्षा टीम तक पहुंचाई जा सकेगी. इससे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और यात्रियों को किसी भी इमरजेंसी स्थिति में तुरंत मदद मिल सकेगी.

ये भी पढ़ें-यात्रीगण कृपया ध्यान दें! भोपाल से जाने वाली ये ट्रेनें रहेंगी रद्द, देखें लिस्ट

विशेष स्टेशनों पर शुरू होगी यह नई व्यवस्था

रेलवे ने तय किया है कि देश के सबसे व्यस्त स्टेशनों पर अब नई तकनीक का इस्तेमाल होगा. इसके लिए पहले चरण में ‘एनएसजी ग्रेड-1’ श्रेणी के 20 बड़े स्टेशनों को चुना गया है, जहां यात्रियों की भारी भीड़ रहती है. अगर यहां यह प्रयोग सफल रहा,तो आगे चलकर इसे देश के अन्य सभी प्रमुख स्टेशनों पर भी शुरू कर दिया जाएगा.

ज़रूर पढ़ें