आपके इलाके में PNG गैस कनेक्शन मिलता है या नहीं? घर बैठे ऐसे करें ऑनलाइन चेक
png गैस
PNG Connection Availability: मिडिल ईस्ट के संकट की वजह से भारत में गैस सिलेंडर (LPG) की किल्लत का डर बढ़ गया है. ऐसे में पाइप वाली गैस (PNG) एक बेहतरीन विकल्प है, जो बिना किसी रुकावट के सीधे आपके किचन तक पहुंचती है. PNG अपनाने से न तो सिलेंडर बुकिंग का झंझट रहेगा और न ही सप्लाई रुकने की टेंशन. आप भी अपने इलाके में इसकी उपलब्धता चेक कर जल्द ही PNG पर शिफ्ट हो सकते हैं.
PNG और LPG में क्या अंतर है?
LPG और PNG में मुख्य अंतर सप्लाई के तरीके का है. LPG के लिए आपको सिलेंडर बुक करना पड़ता है और उसके खत्म होने पर डिलीवरी का इंतज़ार करना होता है. वहीं PNG सीधे पाइप के ज़रिए आपके किचन तक पहुंचती है, जिससे न तो सिलेंडर रखने की जगह चाहिए और न ही गैस खत्म होने का डर रहता है.
PNG के क्या फायदे हैं?
- सिलेंडर बुक करने की जरूरत नहीं पड़ती.
- गैस की सप्लाई 24 घंटे मिलती रहती है.
- किचन में सिलेंडर रखने की जगह नहीं घेरती.
- बिल इस्तेमाल के हिसाब से आता है.
नया कनेक्शन कितने दिन में मिलता है?
- सबसे पहले आपको रजिस्ट्रेशन करना होता है, जिसके बाद कंपनी की टीम यह देखती है कि आपके घर तक पाइप पहुंच सकता है या नहीं.
- तकनीकी रूप से सब सही होने पर टीम घर का सर्वे करती है और पाइप फिटिंग का काम शुरू कर देती है.
- आम तौर पर आवेदन के 2 से 4 हफ्तों में काम शुरू हो जाता है और अधिकतम 3 महीने के अंदर आपको गैस सप्लाई मिलने लगती है.
ये भी पढ़ें-LPG किल्लत के बीच इंडक्शन बना सहारा, जानिए एक घंटे चलाने पर कितनी बिजली खर्च होगी
कैसे चेक करें आपके इलाके में PNG है या नहीं?
- अपनी स्थानीय गैस कंपनी की वेबसाइट पर जाएं और वहां अपना राज्य, शहर और पिनकोड दर्ज करें.
- अगर सर्च करने पर आपका इलाका ‘Available’ दिखाता है, तो आप तुरंत कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं.
- अगर वेबसाइट पर जानकारी न मिले, तो कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करके भी पूछ सकते हैं.
- ज्यादातर कंपनियों की साइट पर ही नया कनेक्शन लेने का फॉर्म उपलब्ध होता है.