EV Car Charging Safety Tips: इंदौर में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. यह दुर्घटना इलेक्ट्रिक कार की चार्जिंग के दौरान हुई, जहां बैटरी ब्लास्ट होने से 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. जैसे-जैसे समय बदल रहा है, वैसे-वैसे हमारी रोजमर्रा की चीजों में भी बदलाव देखने को मिल रहा है. इस आधुनिक दौर में इलेक्ट्रिक कार और बाइक का क्रेज काफी बढ़ गया है और ज्यादातर लोग इनका इस्तेमाल अपने निजी जीवन में कर रहे हैं. इंदौर के इस हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है.
इस घटना के बाद अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि घर में EV कारों को चार्ज करना कितना सुरक्षित है? देश में बढ़ती इलेक्ट्रिक कारों की संख्या के बीच सावधानी बरतना बहुत जरूरी हो गया है, खासकर तब जब आप घर पर इलेक्ट्रिक ऑटो, बाइक या कार चार्ज कर रहे हों. आइए जानते हैं कि घर पर EV चार्ज करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, ताकि आप और आपका परिवार इस तरह के हादसों से सुरक्षित रह सके.
एक्सटेंशन बोर्ड का इस्तेमाल न करें
अक्सर लोग इलेक्ट्रिक कार को घर के बाहर या बालकनी में खड़ी करके एक्सटेंशन बोर्ड के जरिए चार्ज करते हैं. लेकिन आपको बता दें कि एक्सटेंशन बोर्ड का इस्तेमाल करना आपके लिए खतरनाक हो सकता है. इलेक्ट्रिक कारों को चार्ज होने में काफी लंबा समय लगता है और यदि आप एक्सटेंशन बोर्ड से चार्ज करते हैं, तो बोर्ड की वायर गर्म होकर जल सकती है. इसलिए जब भी आप घर पर इलेक्ट्रिक कार को चार्ज करें, तो चार्जर को मजबूत क्वालिटी वाली वायर और दीवार में लगे फिक्स्ड सॉकेट (बोर्ड) से ही जोड़ें.
चार्जिंग केबल की नियमित जांच करें
चार्जिंग केबल की समय-समय पर जांच करना बहुत ज़रूरी हो जाता है. अगर चार्जिंग केबल कहीं से भी कटा हुआ नज़र आता है, प्लग ढीला हो या चार्जिंग के समय केबल ज़्यादा गर्म हो रहा हो, तो उसे बिना किसी देरी के तुरंत बदल दें. यदि आप लगातार खराब केबल का इस्तेमाल करते हैं, तो इससे शॉर्ट सर्किट और आग लगने की चांस ज़्यादा बढ़ जाती है.
कंपनी का ओरिजिनल चार्जर ही इस्तेमाल करें
महीनों या सालों के इस्तेमाल के बाद कंपनी के ओरिजिनल (Original) चार्जर खराब हो सकते हैं और लोग मार्केट से डुप्लीकेट (Duplicate) या लोकल चार्जर खरीद लाते हैं, जो कि चार्जिंग के लिए सही नहीं होते. हमेशा कंपनी के प्रमाणित चार्जर से ही कार चार्ज करें, क्योंकि यह चार्जर गाड़ी के बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) के अनुरूप बना होता है. सस्ते या लोकल चार्जर का इस्तेमाल करने से बैटरी ओवरहीट (Overheat) हो सकती है और आग लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है.
बैटरी फुल होने के बाद चार्जिंग बंद करें
आजकल मार्केट में जितनी भी इलेक्ट्रिक कारें आ रही हैं, उन सभी में ऑटो-कट (Auto-cut) का फीचर दिया रहता है. लेकिन आप इस भ्रम में न रहें कि बैटरी फुल चार्ज होने के बाद वह अपने आप पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगी. समय-समय पर बैटरी पर्सेंटेज चेक करते रहें और फुल चार्ज होने के बाद प्लग हटा दें. लंबे समय तक कार को चार्ज पर लगाए रखना सही नहीं है. इससे न केवल बैटरी की लाइफ कम हो जाती है, बल्कि ब्लास्ट (विस्फोट) होने का खतरा भी बढ़ जाता है.
ये भी पढ़ें-Indore: इंदौर में 8 लोग जिंदा जले, EV कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से फटे गैस सिलेंडर
सही जगह पर करें चार्जिंग
घर पर आप अपनी इलेक्ट्रिक कार को केवल उसी स्थान पर चार्ज करें जहां की जगह सूखी हो और हवा के आवागमन (Ventilation) के लिए पर्याप्त जगह हो. चार्जिंग के समय गाड़ी से गर्म हवा निकलती है और उसे बाहर निकलना बहुत ज़रूरी होता है. बारिश के मौसम में इस बात का खास ध्यान रखें कि पार्किंग में पानी जमा न हो. वहीं यदि आप बैटरी को बाहर निकालकर चार्ज करते हैं, तो उसे किसी गीले स्थान पर रखने के बजाय सूखे स्थान या साफ टेबल पर रखकर ही चार्ज करें.
