पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को सनराइजर्स ने क्यों खरीदा? काव्या मारन के फैसले पर अब कोच ने तोड़ी चुप्पी
kavya maran
‘द हंड्रेड’ (The Hundred) के ऑक्शन में इस बार जो हुआ, उस वजह से सनराइजर्स की मालकिन काव्या मारन एक बार फिर से चर्चा में आ गई है. दरअसल सन टीवी नेटवर्क की टीम सनराइजर्स लीड्स ने ‘द हंड्रेड’ (The Hundred) के ऑक्शन में पाकिस्तानी लेग-स्पिनर अबरार अहमद को 2.34 करोड़ रुपये (£1,90,000) में खरीदकर इतिहास तो रच दिया. इस पर फैंस के बीच एक नई जंग छिड़ गई है.
काव्या मारन और उनकी टीम की आलोचना
दरअसल एक पाकिस्तानी खिलाड़ी को टीम में शामिल करने और जमकर पैसा लुटाने को लेकर काव्या मारन और उनकी टीम को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग झेलनी पड़ रही है. बता दें कि पहले कहा जा रहा था कि द हंड्रेड में आईपीएल से जुड़ी कोई भी फ्रेंचाईजी पाकिस्तानी खिलाड़ी को नहीं खरीदेंगी. लेकिन इसके बावजूद सनराइजर्स लीड्स ने अबरार को अपनी टीम में शामिल कर लिया है. इसी वजह से ये पूरा विवाद खड़ा हो गया.
हेड कोच डेनियल विटोरी का बड़ा बयान
इस मामले पर सनराइजर्स लीड्स के हेड कोच डेनियल विटोरी ने बड़ा बयान दिया है. विटोरी ने कहा कि टीम की पहली पसंद इंग्लैंड के स्टार स्पिनर आदिल राशिद थे, लेकिन जब ऑक्शन में उन्हें दूसरी टीम ने खरीद लिया, तब सनराइजर्स लीड्स ने विदेशी स्पिनर के विकल्प पर ध्यान दिया और अंततः लेग-स्पिनर अबरार अहमद को 1.90 लाख पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में खरीद लिया. उन्होंने कहा कि सनराईज की रणनीति शुरू से ही एक स्पिनर को टीम में लेने की थी. ‘जब आदिल राशिद हमें नहीं मिल पाए और उन्हें सदर्न ब्रेव ने खरीद लिया, तब हमने विदेशी स्पिनर पर ध्यान केंद्रित किया. हमारे पास चार-पांच विकल्प थे और अबरार अहमद उनमें से एक थे. उन्हें टीम में शामिल कर हम बहुत खुश हैं.’