Mumbai Indians: आईपीएल 2026 के आगाज से पहले पाँच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की प्लेइंग 11 लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. टीम इस बार नए संयोजन और संतुलन के साथ मैदान में उतर सकती है. इन सब के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आगामी सीजन में रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग कौन करेगा? आइए जानते हैं…
रोहित के साथ कौन करेगा ओपनिंग?
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सीजन में भी रोहित के साथ साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज रयान रिकेल्टन ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं. रिकेल्टन लेफ्ट हैंड बैटर हैं, जिससे टीम को टॉप ऑर्डर में दाएं-बाएं हाथ का बेहतरीन संतुलन मिलेगा. हालांकि, साउथ अफ्रीका के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक भी ओपनर की भूमिका में मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं, ऐसे में टीम मैनेजमेंट मैच और पिच के हिसाब से फैसला ले सकता है.
यह भी पढ़ें: संजू-आयुष ओपनर, सरफराज को मौका! जानें IPL 2026 में CSK की संभावित प्लेइंग 11
तिलक-सूर्या संभालेंगे मोर्चा
मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और कप्तान हार्दिक पंड्या अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से टीम को मजबूती देंगे. वहीं फिनिशिंग की जिम्मेदारी नमन धीर और शेरफेन रदरफोर्ड जैसे खिलाड़ियों के कंधों पर रह सकती है. जो तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं.
गेंदबाजों में इन खिलाड़ियों को मौका
गेंदबाजी विभाग में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की जोड़ी विपक्षी टीमों के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकती हैं. इसके अलावा मिचेल सेंटर आलराउंडर के रूप में टीम को संतुलन देंगे, जबकि स्पिन विभाग में मयंक मार्कंडे अहम भूमिका निभा सकते हैं.
इस दिन अपने अभियान की शुरुआत करेगी MI
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में करेगी. इसके बाद 4 अप्रैल को उनका सामना दिल्ली कैपिटल्स से अरुण जेटली स्टेडियम में होगा.
IPL 2026 के लिए मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग 11
रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन/ क्विंटन डी कॉक, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और मयंक मार्कंडे
