Vistaar NEWS

IPL 2026: कौन है सबसे युवा और उम्रदराज खिलाड़ी? जानें क्यों चर्चा का विषय बना 30 साल का उम्र अंतर

IPL 2026

आईपीएल 2026

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, जहां पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. इस नए सीजन के आगाज से पहले कई रिकॉर्ड और आंकड़े सामने आ रहे हैं. इसी बीच आज हम आपको इस सीजन के सबसे युवा और उम्रदराज खिलाड़ी के बारे में बताने जा रहे हैं. खास बात यह है कि इन दोनों खिलाड़ियों की उम्र में कुल 30 साल का अंतर है. आइए जानते है कौन है ये खिलाड़ी…

कौन है IPL 2026 का सबसे युवा खिलाड़ी?

आईपीएल 2026 में हिस्सा लेने वाले सबसे युवा खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि भारतीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी हैं. उनकी मौजूदा उम्र 14 वर्ष है. हालांकि इस सीजन के शुरू होने के एक दिन पहले ही वह 15 साल के हो जाएंगे. आईपीएल 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें रिटेन किया है. पिछले साल आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.1 करोड़ में खरीदा था. अपने डेब्यू सीजन में ही उन्होंने शानदार शतक जड़कर सभी को प्रभावित किया था.

यह भी पढ़ें: IPL 2026: हर्षित राणा हुए टूर्नामेंट से बाहर! KKR ने बिना रिप्लेसमेंट खेलने का लिया बड़ा फैसला

कौन है सबसे उम्रदराज खिलाड़ी?

आईपीएल 2026 के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी की बात करें, तो यह कोई और नहीं बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी हैं. धोनी 44 साल की उम्र में भी आईपीएल में सक्रिय हैं. उनका अनुभव, शांत स्वभाव और मैच को अंत तक ले जाने की क्षमता उन्हें आज भी बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है. देखा जाए तो धोनी और वैभव की उम्र में कुल 30 साल का अंतर है.

दोनों खिलाड़ियों का आईपीएल करियर

चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल करियर की बात करें, तो उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 278 मैच खेले हैं, जिनकी 242 पारियों में उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 5239 रन बनाए हैं. इस दौरान माही के बल्ले से 24 अर्धशतक निकले. धोनी ने अपनी कप्तानी में सीएसके को 5 बार खिताब जितवाया है.

वहीं, युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के आईपीएल करियर की बात करें, तो उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक कुल 7 मैच खेले हैं, जिनकी 7 पारियों में उन्होंने 252 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला.

Exit mobile version