भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल मैच से पहले चर्चा में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी, जयपुर से है खास कनेक्शन
टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी
T20 World Cup Trophy: भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है. इस महामुकाबले से पहले फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों की नजरें उस चमचमाती ट्रॉफी पर होगी, जो टी20 क्रिकेट की सबसे बड़ी पहचान बन चुकी है. खास बात यह है कि इस ट्रॉफी का राजस्थान के जयपुर से बेहद ही खास नाता है.
क्या है टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का जयपुर कनेक्शन?
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को तैयार करने में जयपुर के मशहूर ट्रॉफी डिजाइनर अमित पबुवाल की अहम भूमिका रही है. इस ट्रॉफी की शुरुआती डिजाइन ऑस्ट्रेलिया की डिजाइन कंपनी मिनाले ब्राइस ने तैयार की थी. इसके बाद आईसीसी ने साल 2007 में आयोजित पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के लिए इस ट्रॉफी को बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में खेलेंगे वरुण या कुलदीप की होगी एंट्री? प्लेइंग 11 पर हो गया फैसला
दुनिया की सबसे बड़ी सिल्वर ट्रॉफी भी की डिजाइन
बता दें, पबुवाल ने इससे पहले क्रिकेट जगत के लिए दुनिया की सबसे बड़ी सिल्वर ट्रॉफी फ्रेंडशिप कप भी डिजाइन की थी. इसी ट्रॉफी की वजह से आईसीसी का ध्यान उनकी ओर गया था और बाद में उनसे टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी डिजाइन कराई गई.
चांदी से बनाई गई ट्रॉफी
खास बात यह है कि यह आईसीसी ट्रॉफी चांदी और प्लैटिनम की परत से तैयार किया गया है, जिससे इसे चमकदार और आकर्षक लुक मिलता है. करीब 6 किलो वजनी यह ट्रॉफी अपनी अनोखी डिजाइन के लिए जानी जाती है. यह ट्रॉफी करीब 21 इंच लंबी है. बता दें, टी20 वर्ल्ड कप की यह ट्रॉफी पहली बार साल 2007 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित टूर्नामेंट में दी गई थी, जिसे भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीता था.