क्या बाबर आजम और फखर जमान ने पाकिस्तान को दिया धोखा? जांच में हुआ बड़ा खुलासा
बाबर आजम और फखर जमान
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के दो बड़े स्टार खिलाड़ी बाबर आजम और फखर जमान को लेकर हाल ही में बड़ा विवाद सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों खिलाड़ियों के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान अनफिट होने की बात सामने आई है. कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वर्ल्ड कप के दौरान बाबर आजम और फखर जमान पूरी तरह फिट नहीं थे. हाल ही में टीम के सीनियर सिलेक्टर आकिब जावेद ने इस मामले पर जांच की बात कही थी.
अनफिट होने के बावजूद खेल गए वर्ल्ड कप
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, एक करीबी सूत्र ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि टी20 वर्ल्ड कप के बाद ब्रिटेन के स्पोर्ट्स मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. जावेद मुगल ने दोनों खिलाड़ियों की चोट की जांच थी. जांच में दोनों खिलाड़ियों की चोट को लेकर चिंता जताई गई. खास तौर पर बाबर आजम की चोट उम्मीद के मुताबिक ज्यादा गंभीर पाई गई, जबकि फखर भी लंबे समय से इसी तरह की समस्या से जूझ रहे थे. इस पूरे मामले ने तब तूल पकड़ा जब वर्ल्ड कप के बाद बाबर ने पैर की मांसपेशियों में खिचाव के कारण नेशनल टी20 चैंपियनशिप खेलने से इनकार कर दिया. वहीं, फखर भी फिटनेस समस्या से परेशान थे.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 से पहले युजवेंद्र चहल का बड़ा खुलासा, बोले-अब मैंने शराब पीना छोड़ दिया
फिजियो पर लगे आरोप
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अगर बाबर और फखर अनफिट थे, तो दोनों को वर्ल्ड कप में खेलने का मौका कैसे मिल गया? रिपोर्ट्स के मुताबिक सिलेक्टर्स ने मेडिकल पैनल को साफ कर दिया है कि उन्होंने फिजियो की मंजूरी मिलने के बाद ही दोनों खिलाड़ियों का टीम में चयन किया था. लेकिन अब पाकिस्तान के फिजियो क्लिफ डीकन पर आरोप लग रहे हैं कि उनका खिलाड़ियों से करीबी रिश्ता है और उन्होंने पहले भी छोटी-मोटी चोट के बावजूद खिलाड़ियों को खेलने की मंजूरी दी है.