MP Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. इसका असर ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन संभाग में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 18 और 19 फरवरी को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और नीमच में बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है. वहीं भोपाल और इंदौर में बादल छाए रहने की उम्मीद है.
प्रदेश के कई जिलों में तापमान 30 डिग्री से अधिक
रविवार को प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर नजर आया. खंडवा और खरगोन में दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. इसके अलावा दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रायसेन, रतलाम, उज्जैन, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सतना और उमरिया जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया.
इन जिलों में रात का तापमान ऐसा रहा
रात के तापमान की बात करें तो शनिवार और रविवार की दरमियानी रात कटनी जिले का करौंदी इलाका सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज हुआ. पचमढ़ी में 9.2 डिग्री, कल्याणपुर में 9.4 डिग्री और रीवा में 9.6 डिग्री तापमान रहा. बड़े शहरों में इंदौर का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री, ग्वालियर का 11.7 डिग्री, भोपाल का 13 डिग्री, उज्जैन का 13.5 डिग्री और जबलपुर का 14.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
प्रदेश में बारिश के आसार
फरवरी महीने में यह तीसरा मौका होगा जब प्रदेश में बारिश होने के आसार बन रहे हैं. महीने की शुरुआत में दो बार बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर देखने को मिला था, जिससे फसलों को नुकसान हुआ और सरकार को सर्वे कराना पड़ा था.
नए सिस्टम के बाद होगी तापमान में बढ़ोतरी
मौसम विभाग के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. फिलहाल प्रदेश में रात और सुबह के समय हल्की सर्दी बनी रहेगी, जबकि दिन में गर्मी का असर महसूस होगा. अगले दो दिनों में दिन का तापमान बढ़ने और कुछ जिलों में सुबह हल्का कोहरा छाने की संभावना है.
ये भी पढे़ं- एमपी पुलिस को सीआईडी की चेतावनी, गिरफ्तारी से पहले कारण नहीं बताया तो कार्रवाई होगी अवैध
