MP Weather News: एमपी में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश का दौर शुरू, 4 दिन राहत के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी

MP Weather News: मध्य प्रदेश में बुधवार से मौसम अचानक करवट लेने वाला है. एक मजबूत सिस्टम के सक्रिय होने से अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम बदला-बदला रहेगा.
Weather

मौसम समाचार

MP Weather News: मध्य प्रदेश में बुधवार से मौसम अचानक करवट लेने वाला है. एक मजबूत सिस्टम के सक्रिय होने से अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम बदला-बदला रहेगा. कहीं तेज हवाएं चलेंगी तो कहीं बारिश होगी, साथ ही कई इलाकों में बादल और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. ग्वालियर सहित 13 जिलों में बुधवार के लिए अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 21 मार्च तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में भी मौसम के असर की संभावना जताई गई है.

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम वैज्ञानिको के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब मध्य प्रदेश तक पहुंच रहा है. इसी वजह से 19 से 21 मार्च के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं.

साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के पश्चिम-उत्तरी भाग में पांच साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय रहे, वहीं दक्षिण-पूर्वी हिस्से में भी पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना रहा. इसके चलते ग्वालियर-चंबल अंचल के कुछ जिलों में बादल छाए रहे और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई.

तापमान का हाल

तापमान की स्थिति देखें तो खरगोन सबसे गर्म रहा, जहां पारा 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा खजुराहो में 38.4 डिग्री, नरसिंहपुर में 38 डिग्री, रायसेन में 37.6 डिग्री, मंडला में 37.5 डिग्री, नर्मदापुरम में 37.2 डिग्री और खंडवा में 37.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. बड़े शहरों में जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री दर्ज हुआ. भोपाल में 35.2 डिग्री, इंदौर में 34.9 डिग्री और उज्जैन व ग्वालियर में 35.5 डिग्री तापमान रहा.

22 मार्च के बाद बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम गुजरने के बाद 22 मार्च से एक बार फिर गर्मी तेज हो जाएगी. मार्च का आखिरी सप्ताह काफी गर्म रहने की संभावना है. पिछले वर्षों के आंकड़ों के अनुसार इस महीने में दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहती हैं, और इस बार भी कुछ ऐसा ही ट्रेंड देखने को मिल रहा है. भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि रात का तापमान 14 से 20 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. नर्मदापुरम में तो हाल ही में लगातार तीन दिनों तक तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा चुका है.

अप्रैल-मई में लू का असर

आने वाले महीनों को लेकर भी मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस बार अप्रैल और मई में लू का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. करीब 15 से 20 दिनों तक हीट वेव चलने की संभावना है. मार्च के दूसरे सप्ताह में ही नर्मदापुरम में तीव्र लू जैसे हालात बन चुके हैं और अनुमान है कि मार्च के आखिरी सप्ताह से इसका असर और स्पष्ट रूप से नजर आने लगेगा.

ये भी पढे़ं- MP Weather Update: एमपी में 18 मार्च से बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज आंधी-बारिश के साथ गिरेगा तापमान

ज़रूर पढ़ें