Ujjain: कनाडा में उज्जैन के छात्र की हत्या, पढ़ाई के दौरान हमले में गई जान, सांसद अनिल फिरोजिया बोले- सरकार परिवार के साथ खड़ी है
मृतक छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा
Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी एक छात्र की कनाडा में हत्या कर दी गई है. जानकारी के अनुसार गुरकीरत सिंह मनोचा, जो कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के फोर्ट सेंट जॉन में बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे थे, गंभीर हमले के बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया. वे लगभग सवा साल से नॉर्दर्न लाइट्स कॉलेज में अध्ययन कर रहे थे.
घटना पर सांसद ने जताया शोक
उज्जैन निवासी युवक की मौत पर सांसद अनिल फिरोजिया ने भी शोक व्यक्त किया है. उन्होंने इस दुखद घटना पर कहा कि मैं परिवार के साथ खड़ा हूं और हर संभव मदद परिजनों की करूंगा. उन्होंने कहा कि उज्जैन के 25 वर्षीय युवक की कनाडा में मौत की सूचना मिली है.
सांसद ने कहा कि विदेश मंत्री जयशंकर से इस विषय में बात करके कनाडा की कानूनी प्रक्रिया को जल्द पूरी करवाने व हर संभव प्रयास के साथ शव को जल्द से जल्द भारत लाने और उज्जैन में परिजनों को सौंपने के लिए चर्चा की गई है. सांसद ने कहा कि इस दुख की घड़ी में मध्य प्रदेश सरकार और भारत सरकार उनके साथ खड़ी है. उन्होंने आगे कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि हर संभव मदद के लिए हम उनके साथ हैं.
14 मार्च को विवाद के दौरान हुआ हमला
परिजनों के मुताबिक 14 मार्च को कुछ युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान गुरकीरत पर हमला किया गया था. हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. इस दुखद घटना की जानकारी कनाडा में रहने वाले उनके एक मित्र ने देर रात फोन पर उनके भाई प्रबकीरत सिंह मनोचा को दी, जो रायपुर में रहते हैं. गुरकीरत के माता-पिता गुरजीत सिंह मनोचा और उनका परिवार उज्जैन के देवास रोड स्थित पार्श्वनाथ सिटी में रहते हैं. घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया और सभी गहरे सदमे में हैं. परिजनों ने इस मामले की जानकारी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी दी है, क्योंकि परिवार उन्हीं की विधानसभा क्षेत्र में रहता है.
सरकार से लगाई न्याय की गुहार
मृतक के भाई प्रबकीरत सिंह का कहना है कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि गुरकीरत अब इस दुनिया में नहीं रहे. उनका कहना है कि गुरकीरत बेहद शांत और सरल स्वभाव के थे और उन्होंने कभी किसी से विवाद नहीं किया. परिवार के कुछ रिश्तेदार पहले से ही कनाडा में रहते हैं और वे वहां पहुंच चुके हैं. कनाडा पुलिस प्रशासन की ओर से सहयोग मिल रहा है, लेकिन सप्ताहांत होने के कारण कार्रवाई धीमी गति से चल रही है. परिवार ने राज्य और केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करवाई जाए और दोषियों को सख्त सजा मिले.
बेरहमी से मारपीट में गई जान
वहीं गुरकीरत के पिता गुरजीत सिंह ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई के लिए कनाडा गया था और वहां जॉब के साथ पढ़ाई भी कर रहा था. उन्होंने बताया कि गुरकीरत के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई. उन्होंने कहा कि उनका बेटा बेहद शांत स्वभाव का था और अपने काम से ही मतलब रखता था.
उज्जैन से बीकॉम करने के बाद वह कनाडा में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहा था. पिता ने बताया कि उनकी बेटे से आखिरी बार दो दिन पहले शाम को बात हुई थी और तब सब कुछ सामान्य था. परिवार ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द उन्हें न्याय दिलाया जाए और बेटे का शव भारत लाने में मदद की जाए.