Ujjain News: सिहस्थ से पहले किन्नर अखाड़े में 4 महामंडलेश्वर और 4 महंतों की नियुक्ति, सभी को मिली अलग-अलग जिम्मेदारी

Ujjain News: इंटरनेशनल किन्नर अखाड़े का दो दिवसीय कार्यक्रम शनिवार को समाप्त हुआ. सिहस्थ महाकुभ के पहले किन्नर अखाड़े में 4 महामंडलेश्वर व 4 महंत बनाए गए.
महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी

महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी

Ujjain News : इंटरनेशनल किन्नर अखाड़े का दो दिवसीय कार्यक्रम शनिवार को समाप्त हुआ. यह आयोजन उज्जैन शहर के नीलगंगा क्षेत्र स्थित एक निजी गार्डन में किया गया. कार्यक्रम के पहले दिन देश के विभिन्न राज्यों से आए किन्नरों में से 4 महामंडलेश्वर और 7 श्रीमहंतों की नियुक्ति की गई. शनिवार को इंटरनेशनल किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने आगामी नासिक कुंभ और उज्जैन के सिंहस्थ महाकुंभ को लेकर पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं.

अखाड़े की आधिकारिक वेबसाइट होगी लॉन्च

साथ ही उन्होंने बताया कि जल्द ही “इंटरनेशनल किन्नर अखाड़ा” नाम से अखाड़े की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की जाएगी, जिसमें वर्ष 2016 के सिंहस्थ महाकुंभ से लेकर अब तक की सभी गतिविधियों और जानकारी उपलब्ध रहेगी. इस दौरान आचार्या ने किन्नर समुदाय के सदस्यों को फिल्मी गानों पर नृत्य कर रील बनाने को लेकर फटकार भी लगाई. उन्होंने कहा कि सभी को अपने पद और गरिमा का ध्यान रखना चाहिए.

अपने पास पहचान पत्र रखने का निर्देश

साथ ही निर्देश दिया गया कि सभी महंत, श्रीमहंत और महामंडलेश्वर अपने पास पहचान पत्र (आईडी कार्ड) अनिवार्य रूप से रखें, एक समान तिलक धारण करें और फिल्मी गानों पर रील बनाना प्रतिबंधित रहेगा. आचार्य महामंडलेश्वर ने बताया कि सचिव पायल नंद गिरी, पार्वती नंद गिरी और श्रीमहंत ऋषिकेश नंद गिरी को नासिक कुंभ की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं उज्जैन सिंहस्थ महाकुंभ की जिम्मेदारी सती नंद गिरी और उनके शिष्यों को सौंपी गई है. ये सभी उनके मार्गदर्शन में जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाएंगे.

अब किसी प्रकार का विवाद नहीं है-डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी

वर्ष 2016 के उज्जैन सिंहस्थ महाकुंभ में किन्नर अखाड़ा और जूना अखाड़ा के बीच एक साथ शाही स्नान को लेकर हुए विवाद के सवाल पर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा कि अब किसी प्रकार का विवाद नहीं है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2019, 2021 और 2025 के कुंभ में किन्नर अखाड़ा जूना अखाड़े के साथ ही स्नान करता आया है और आगे भी यही परंपरा जारी रहेगी.

नासिक कुंभ की जिम्मेदारी मिलने बोलीं सचिव पायल नंद

नासिक कुंभ की जिम्मेदारी मिलने पर सचिव पायल नंद गिरी ने कहा कि आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी द्वारा उन्हें और उनकी टीम को जनहित से जुड़े सभी कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. टीम में पार्वती नंद गिरी, श्रीमहंत ऋषिकेश नंद गिरी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं. उन्होंने कहा कि कुंभ से पहले जमीन से जुड़े विषय, प्रशासन से समन्वय और अन्य व्यवस्थाओं पर टीम काम करेगी. साथ ही किन्नर समुदाय अपनी परंपरा के अनुसार आशीर्वाद लेने आने वाले लोगों को प्रतीक स्वरूप सिक्का देने की परंपरा भी निभाएगा.

ये भी पढे़ं: MP News: मुस्लिम युवक 3 हिंदू युवतियों के साथ पहुंचा उज्जैन, हिंदूवादी संगठनों ने जमकर की पिटाई, कहा- लव जिहाद कर रहा था

ज़रूर पढ़ें