Vistaar NEWS

MP Weather Update: मार्च में अप्रैल-मई जैसा तपने लगा एमपी, कई शहराें में पारा सामान्‍य से 3 डिग्री अधिक, रतलाम सबसे गर्म शहर

weather forecast today

मौसम समाचार

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में इस बार मार्च की शुरुआत से ही तेज गर्मी का असर दिखाई देने लगा है. महीने के पहले ही सप्ताह में तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ा है और कुछ स्थानों पर यह 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. रविवार को रंगपंचमी के दिन रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. वहीं इंदौर, उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में भी तेज धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान किया.

मौसम विभाग ने दी जानकारी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है. उनका कहना है कि आने वाले चार से पांच दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है. इसके साथ ही 9 मार्च से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे मौसम में कुछ बदलाव की स्थिति बन सकती है.

कई शहरों में तेजी से बढ़ा तापमान

रविवार को प्रदेश के लगभग सभी शहरों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. प्रमुख शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा ग्वालियर में 36.5 डिग्री, इंदौर में 35.8 डिग्री, भोपाल में 34.8 डिग्री और जबलपुर में 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं रतलाम में तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया. नर्मदापुरम में 38.1 डिग्री, गुना और सागर में 37.4 डिग्री तथा श्योपुर में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही रहा.

हवा की दिशा बदलने से बढ़ी गर्मी

मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मार्च के महीने में पिछले साल की तुलना में ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है. लगभग सभी शहरों में सामान्य तापमान से 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसके पीछे हवा की दिशा में बदलाव को मुख्य कारण माना जा रहा है. फिलहाल हवाएं उत्तर-पूर्व की बजाय पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही हैं. इसके साथ ही हवा में नमी भी काफी कम है. रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं प्रदेश तक पहुंच रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है.

मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी

आमतौर पर मध्य प्रदेश में मार्च के दूसरे पखवाड़े के बाद ही तेज गर्मी का असर दिखाई देता है. पिछले दस वर्षों के आंकड़ों में भी 15 मार्च के बाद तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई थी. लेकिन इस बार मौसम का रुझान कुछ अलग नजर आ रहा है और महीने की शुरुआत से ही पारा तेजी से चढ़ने लगा है. इससे लोगों को अभी से गर्मी का अहसास होने लगा है.

ये भी पढे़ं- MP News: भोपाल में एक सदी बाद सत्ता और प्रशासन की कमान महिलाओं के हाथ! महिला दिवस पर ऐतिहासिक संयोग

Exit mobile version