MP Weather Update: एमपी में गर्मी का अटैक! नर्मदापुरम में पारा 40 डिग्री पार; 15 मार्च से कुछ इलाकों में बारिश के आसार
मौसम समाचार
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मार्च के दूसरे हफ्ते में गर्मी अपने तीखे तेवर दिखा रही है. प्रदेश में इन दिनों सूरज की तेज तपिश के कारण लू जैसे हालात बन गए हैं. शुक्रवार को नर्मदापुरम में लगातार दूसरे दिन भी तेज लू का असर देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है, जबकि 15,16 और 17 मार्च के दौरान प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्से- ग्वालियर-चंबल, जबलपुर रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है.
हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ा
भीषण गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवायजरी जारी की है. विभाग ने सलाह दी है कि लोग दोपहर के समय बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें, पर्याप्त मात्रा में ठंडा पानी पिएं और घर के अंदर तापमान को कम रखने के लिए ओवन जैसे उपकरणों का उपयोग सीमित रखें.
प्रदेश के कई संभागों में तेज गर्मी
प्रदेश में पिछले दो दिनों से तापमान लगातार 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है. ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग में गर्मी का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है. नर्मदापुरम फिलहाल प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है. शुक्रवार को पचमढ़ी को छोड़कर लगभग सभी शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया.
बड़े शहरों में भी बढ़ा तापमान
प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री, इंदौर में 37.6 डिग्री, जबलपुर में 37.5 डिग्री, उज्जैन में 37.4 डिग्री और ग्वालियर में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इन जिलों में भी पारा हाई
इसके अलावा नर्मदापुरम में 40.1 डिग्री, रतलाम में 39.2 डिग्री, मंडला में 39 डिग्री, धार और खजुराहो में 38.9 डिग्री, दमोह में 38.5 डिग्री तथा खरगोन में 38.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं सागर, टीकमगढ़ और सिवनी में भी पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसका असर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक देखा जा सकता है. 15 मार्च से कुछ जिलों में मौसम का मिजाज बदलेगा और हल्की बारिश होने की संभावना है. जिन क्षेत्रों में बारिश होगी वहां दिन और रात के तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है, हालांकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में गर्मी का असर फिलहाल बना रहने की संभावना है.