Vistaar NEWS

MP News: सतना में बोर्ड परीक्षा के दौरान बवाल, छात्रों की लड़ाई में कूदे घरवाले, जमकर हुई मारपीट

satna news

सतना में बोर्ड एग्जाम के दौरान बवाल

MP News: मध्य प्रदेश के सतना जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत केशवनगर धवारी स्थित सरस्वती विद्यालय में शुक्रवार को बोर्ड परीक्षा के दौरान दो छात्रों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते परिजनों की मारपीट तक पहुंच गया. परीक्षा केंद्र के बाहर हुए इस हंगामे से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीएम मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया.

माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 फरवरी से 6 मार्च तक संचालित हुई. शुक्रवार को हिंदी विषय का पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित था. परीक्षा देने के लिए छात्र-छात्राएं धवारी स्थित केशवनगर सरस्वती विद्यालय केंद्र पर एकत्रित हुए थे.

पुरानी रंजिश में भिड़े छात्र और परिजन

इसी दौरान किसी पुरानी बात को लेकर दो छात्रों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़कर मारपीट में बदल गई. बताया जाता है कि छात्रों के बीच पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. शुक्रवार को परीक्षा देने पहुंचे एक छात्र ने अपने स्वजनों को इस पुराने विवाद की जानकारी दे दी, जिसके बाद उसके पिता और चाचा स्कूल पहुंच गए और दूसरे छात्र से उलझ पड़े. इसी दौरान मारपीट का शोर सुनकर जिस छात्र के साथ विवाद हुआ, उसने अपने दोस्तों को फोन कर बुला लिया. दोस्तों के पहुंचते ही मामला और बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी.

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस और एसडीएम राहुल सिलाडिया मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया और छात्रों तथा उनके परिजनों से पूछताछ की. पुलिस ने दोनों पक्षों को कड़ी चेतावनी देते हुए परीक्षा का माहौल खराब न करने की समझाइश दी. सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रवीन्द्र द्विवेदी ने बताया कि दोनों पक्षों ने किसी प्रकार की लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस ने छात्रों के अभिभावकों के खिलाफ बाउंडओवर की कार्रवाई करते हुए भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न होने का लिखित आश्वासन लिया.

हंगामे के कारण एक छात्र परीक्षा से वंचित

इधर परीक्षा केंद्र में विवाद और हंगामे के कारण निर्दोष छात्र साहिल खान समय रहते परीक्षा केंद्र तक तो पहुंचा, पर बवाल के कारण वह अपने परीक्षा हॉल में नहीं पहुंच सका और परीक्षा से वंचित रह गया. जिसके चलते अब उसे हिंदी विषय के पेपर में अनुपस्थित दर्ज कर दिया गया है. परीक्षा केंद्र के बाहर हुए इस विवाद से कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई.

ये भी पढ़ें: Indore Gair: कल है इंदौर की वर्ल्ड फेमस ‘गेर’, इन इलाकों में वाहनों को नहीं मिलेगी एंट्री, ये है पूरा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान

केंद्राध्यक्ष ने पहले ही की थी सुरक्षा की मांग

बताया गया कि सरस्वती विद्यालय के केंद्राध्यक्ष ने परीक्षा से पहले ही जिला प्रशासन को पत्र लिखकर परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल की मांग की थी, क्योंकि पिछले वर्ष भी यहां विवाद की स्थिति बनी थी. शुक्रवार को भी उन्होंने पुलिस से बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था, लेकिन समय पर व्यवस्था नहीं हो सकी. इसके चलते परीक्षा केंद्र के बाहर विवाद की स्थिति बन गई, जिसे बाद में पुलिस और प्रशासन ने हस्तक्षेप कर शांत कराया.

Exit mobile version