MP News: RSS की नई रणनीति, सरकार-संगठन समन्वय के लिए बनेगी समिति, भाजपा और सरकार के बीच संवाद को मिलेगा संस्थागत रूप
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मध्य प्रदेश में अपने संगठनात्मक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है. इसके तहत एक नई प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा, जो राज्य सरकार और संगठन के बीच समन्वय स्थापित करने का काम करेगी. यह नई व्यवस्था मार्च 2027 से लागू किए जाने की योजना है.
सूत्रों के अनुसार, यह समिति विशेष रूप से सरकार और संगठन (भारतीय जनता पार्टी) के बीच संवाद, संपर्क और समन्वय को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाएगी. अब तक यह समन्वय अनौपचारिक स्तर पर होता रहा है, लेकिन नई व्यवस्था के तहत इसे संस्थागत रूप दिया जाएगा, जिससे निर्णय प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बन सके. बताया जा रहा है कि इस समिति में प्रदेश स्तर के प्रमुख पदाधिकारियों को शामिल किया जाएगा. खासतौर पर प्रांत प्रचारक और प्रांत कार्यवाह की भूमिका इसमें अहम मानी जा रही है. यही नेतृत्व सरकार के साथ तालमेल बैठाने, नीतिगत मुद्दों पर संवाद करने और संगठन की बात को प्रभावी तरीके से शासन तक पहुंचाने का कार्य करेगा.
विधानसभा चुनाव से करीब डेढ़ से दो साल पहले यह समिति सक्रिय
राजनीतिक दृष्टि से इस कदम को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि मध्यप्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव से करीब डेढ़ से दो साल पहले यह समिति सक्रिय हो जाएगी. ऐसे में यह भाजपा और सरकार के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. माना जा रहा है कि आगामी चुनावों में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने में यह समिति निर्णायक भूमिका निभाएगी.
समन्वय प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति आएगी
संघ के भीतर पहले प्रांत व्यवस्था के तहत काम होता था, लेकिन अब इसे और अधिक व्यवस्थित करने के लिए संरचनात्मक बदलाव किए जा रहे हैं. नई व्यवस्था में कार्यों का विभाजन स्पष्ट होगा और जिम्मेदारियां तय की जाएंगी, जिससे समन्वय प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति आएगी. इस पहल का मुख्य उद्देश्य संगठन और सरकार के बीच संवाद को अधिक प्रभावी और नियमित बनाना है. इससे ना केवल नीतिगत फैसलों में समन्वय बढ़ेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल भी देखने को मिल सकता है.
ये भी पढे़ं: MP में कॉलेजों में बचा बजट, शेष राशि से चुकाए जाएंगे बिजली बिल, विभाग का सख्त निर्देश- प्राचार्य होंगे जिम्मेदार