Rewa Raipur Flight: रीवा से छत्तीसगढ़ की राह हुई आसान, रायपुर के लिए सीधी उड़ान शुरू, जानिए कितना है किराया
रीवा से रायपुर सीधी उड़ान शुरू
Rewa Raipur Flight: रीवा से छत्तीसगढ़ जाने के लिए अब लंबी यात्रा करने की जरूरत नहीं है. रायपुर के लिए मंगलवार (17 मार्च) से उड़ान की शुरुआत हो गई है. अब यात्री केवल 1 घंटे 20 मिनट में अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे. इससे ना केवल सफर आसान और आरामदायक हुआ बल्कि तेज भी हो गया है. इससे दोनों राज्यों के बीच संपर्क और मजबूत हो गया है.
हफ्ते में तीन दिन चलेगी फ्लाइट
एलायंस एयर ने रीवा से रायपुर के बीच सीधी फ्लाइट सेवा शुरू की है. ये हफ्ते में तीन दिन यानी मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी. इस विमान में 72 यात्री उड़ान भर सकते हैं. रीवा एयपोर्ट से विमान शाम 5.50 बजे उड़ान भरेगा. लगभग 1.20 घंटे का सफर तय करके रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे शाम 7.10 बजे पहुंचेगा. ये सेवा नॉन स्टॉप है.
रीवा-रायपुर फ्लाइट का कितना किराया है?
रीवा में रायपुर के लिए शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू और मुख्यमंत्री मोहन यादव वर्चुअली जुड़े. मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने फ्लाइट से यात्रा करके रायपुर पहुंचे. इस फ्लाइट का किराया 3600 रुपये रखा गया है.
डिप्टी सीएम ने क्या कहा?
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने इस विमान सेवा के शुरू होने पर शुभकामनाएं और बधाई दी हैं. सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि यह नई हवाई सेवा विंध्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी.
यह बदलते विंध्य की नई तस्वीर है✈️
— Rajendra Shukla (@rshuklabjp) March 17, 2026
आज माननीय मुख्यमंत्री @DrMohanYadav51 जी तथा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री @RamMNK जी की वर्चुअल उपस्थिति में रीवा से रायपुर के मध्य सप्ताह में तीन दिवस संचालित होने वाली नई विमान सेवा का शुभारंभ हुआ।
यह नई हवाई सेवा विंध्य क्षेत्र के लिए… pic.twitter.com/Pt7Ib9v0R0
उन्होंने आगे लिखा कि इस पहल से न केवल यात्रियों को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए भी समय की बचत के साथ बेहतर संपर्क स्थापित होगा. विमान सेवा प्रारंभ होने से विंध्य अंचल के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन प्राप्त होगा.
ये भी पढ़ें: Gwalior News: रेलवे स्टेशन का नाम पूर्व PM अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगा! ग्वालियर सांसद ने रेल मंत्री से की मांग
यह कदम क्षेत्र को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे स्थानीय उद्योग, व्यापार और पर्यटन की संभावनाएं और अधिक सशक्त होंगी.