MP News: विंध्य को रफ्तार देगा NH 39, सीधी–सिंगरौली 105 किमी फोरलेन का काम अप्रैल से शुरू होगा
File Photo
MP News: विंध्य क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलने जा रही है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्ग 39 के सीधी–सिंगरौली खंड के 105 किलोमीटर चार लेन निर्माण के शेष कार्य का अवॉर्ड जारी कर दिया है. इस परियोजना का निर्माण कार्य अप्रैल 2026 से शुरू किए जाने की योजना है. इस परियोजना के पूरा होने से सीधी और सिंगरौली के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा और पूरे विंध्य क्षेत्र में आवागमन अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा.
कई महत्वपूर्ण संरचनाएं भी तैयार की जाएंगी
लंबे समय से इस मार्ग के उन्नयन की मांग की जा रही थी. अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है. परियोजना के तहत इस मार्ग को आधुनिक मानकों के अनुरूप चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा. निर्माण कार्य के दौरान कई महत्वपूर्ण संरचनाएं भी तैयार की जाएंगी. परियोजना में 3 रेलवे ओवर ब्रिज, 1 रेलवे अंडर ब्रिज, 3 मेजर ब्रिज और 33 माइनर ब्रिज बनाए जाएंगे. इसके अलावा 11 व्हीकुलर अंडरपास और 1 पैदल अंडरपास का निर्माण किया जाएगा. सड़क के साथ 85 बॉक्स कलवर्ट और 165 पाइप कलवर्ट भी बनाए जाएंगे, जिससे बारिश के समय जल निकासी की समस्या नहीं होगी. इसके अलावा जंक्शन सुधार, सर्विस रोड और सड़क किनारे ड्रेनेज जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे यह राजमार्ग अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बन सके.
संकरी सड़क और कमजोर ढांचे से होती थी परेशानी
अब तक सीधी और सिंगरौली के बीच का यह मार्ग कई स्थानों पर संकरा और अवसंरचनात्मक रूप से कमजोर रहा है. पर्याप्त पुल और अंडरपास नहीं होने के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को अक्सर परेशानियों का सामना करना पड़ता था. नई परियोजना में इन सभी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन तैयार किया गया है. चार लेन सड़क, आधुनिक पुल, अंडरपास और बेहतर जंक्शन व्यवस्था से इस मार्ग पर यात्रा पहले की तुलना में काफी सुगम और सुरक्षित हो जाएगी.
UP के प्रमुख शहरों से बढ़ेगा संपर्क
इस राजमार्ग के विकसित होने से मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र की उत्तर प्रदेश से कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी. सड़क बेहतर होने के बाद सीधी और सिंगरौली क्षेत्र का संपर्क प्रयागराज, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज और वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों से बेहतर हो जाएगा. इससे दोनों राज्यों के बीच लोगों की आवाजाही के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
ऊर्जा राजधानी को मिलेगा फायदा
सिंगरौली देश के प्रमुख ऊर्जा और औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है. यहां कई बड़ी बिजली परियोजनाएं और उद्योग संचालित हैं. बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से भारी वाहनों और लॉजिस्टिक्स की आवाजाही आसान होगी, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी.
रीवा–सीधी फोरलेन की भी तैयारी
विंध्य क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण रीवा–सीधी चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना पर भी काम कर रहा है. इस परियोजना का अवॉर्ड जल्द जारी होने की संभावना है और बारिश के बाद इसके निर्माण कार्य की शुरुआत की योजना है. इस मार्ग के बनने से रीवा जिले और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी.
ये भी पढे़ं: MP News: भोपाल में एक सदी बाद सत्ता और प्रशासन की कमान महिलाओं के हाथ! महिला दिवस पर ऐतिहासिक संयोग