सोलर रूफटॉप में MP देश में सातवें नंबर पर, अब तक 1 लाख 1 हजार 745 घरों में इंस्टॉल
File Photo
MP News: मध्य प्रदेश में सोलर रूफटॉप योजना तेजी से आगे बढ़ रही है. प्रदेश में अब तक 1 लाख 1 हजार 745 घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे करीब 383.78 मेगावॉट बिजली का उत्पादन हो रहा है. इसी के साथ मध्य प्रदेश देश के टॉप-10 राज्यों में सातवें स्थान पर पहुंच गया है.
75 फीसदी उपभोक्ताओं ने लोन लिया
ऊर्जा विभाग के अनुसार प्रदेश में बड़ी संख्या में उपभोक्ता बैंक से लोन लेकर भी सोलर रूफटॉप लगवा रहे हैं. करीब 75 फीसदी उपभोक्ताओं ने इसके लिए बैंक ऋण लिया है, क्योंकि इसकी मासिक किस्त अक्सर बिजली बिल से कम पड़ती है. इससे उपभोक्ताओं को दीर्घकाल में बिजली खर्च में राहत मिल रही है.
‘सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा’
मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम के अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव के मुताबिक प्रदेश में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है. राज्य सरकार ने 2030 तक 20 गीगावॉट अक्षय ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है. इसके तहत केंद्र की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में भी मध्य प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है.
प्रदेश में अब तक इस योजना के तहत 723.74 करोड़ रुपये की सब्सिडी उपभोक्ताओं को दी जा चुकी है.
ऐसे बढ़ा रूफटॉप सोलर का आंकड़ा
- 2024: 20,706 घर
- 2025: 62,955 घर
- 2026: 18,084 घर (अब तक)
देश में रूफटॉप सोलर के मामले में प्रमुख राज्य
- महाराष्ट्र – 4,71,509
- गुजरात – 5,78,324
- उत्तरप्रदेश – 3,98,292
- केरल – 2,02,334
- राजस्थान – 1,50,129
- आंध्र प्रदेश – 1,07,503
- मध्यप्रदेश – 1,01,745
- असम – 95,685
- उत्तराखंड – 69,109
- हरियाणा – 59,877
विशेषज्ञों के अनुसार सोलर रूफटॉप के विस्तार से न केवल बिजली उत्पादन बढ़ रहा है, बल्कि उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भी उल्लेखनीय कमी आ रही है और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है.
ये भी पढे़ं: असम-बंगाल चुनाव से पहले MP BJP के नेता मैदान में उतरे, मंत्री राकेश सिंह समेत कई सांसदों को सौंपी जिम्मेदारी