Vistaar NEWS

MP News: पीडब्ल्यूडी विभाग की सख्ती, अमानक कार्य पर कंसलटेंट पर कार्रवाई, 20 अन्य निर्माण कार्यों में सुधार के निर्देश

Madhya Pradesh Public Works Department (file photo)

मध्य प्रदेश लोक निर्माण विभाग (फाइल तस्वीर)

MP News: प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है. इसी क्रम में विभाग की विशेष कार्ययोजना के तहत 6 मार्च को मुख्य अभियंताओं के सात दलों ने सीहोर, पांढुर्णा, भिंड, बड़वानी, मऊगंज, उज्जैन और पन्ना जिलों में विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कुल 35 परियोजनाओं का रेंडम आधार पर चयन कर उनकी गुणवत्ता और प्रगति की जांच की गई. इनमें से 20 प्रोजेक्ट में खामियां मिलीं. इनमें सुधार के निर्देश दिए हैं.

भरत यादव की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

जिन कार्यों का निरीक्षण किया गया, उनमें 21 कार्य लोक निर्माण विभाग (सड़क-पुल) के, 5 कार्य परियोजना क्रियान्वयन इकाई (भवन) के, 6 कार्य मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम, 2 कार्य मध्य प्रदेश भवन विकास निगम और 1 कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित था. निरीक्षण दलों से प्राप्त प्रतिवेदनों की समीक्षा बैठक मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक भरत यादव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई.

बैठक में कौन-कौन शामिल हुआ?

बैठक में प्रमुख अभियंता (सड़क-पुल) केपीएस राणा, प्रमुख अभियंता (भवन) एसआर बघेल, प्रमुख अभियंता (बीडीसी) अजय श्रीवास्तव, तकनीकी सलाहकार एमपीआरडीसी आरके मेहरा सहित विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री और निरीक्षण दल के अधिकारी शामिल हए.

यहां मिली गड़बड़ी

समीक्षा के दौरान भिंड जिले के उदोतगढ़ में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और जी-टाइप तथा एचआई-टाइप आवासीय भवनों का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया. इस पर संबंधित ठेकेदार मेसर्स जय कैला देवी कंस्ट्रक्शन कंपनी, मुरैना को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए. साथ ही कंसलटेंट मेसर्स एनोवियस कंसल्टेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, भोपाल के विरुद्ध कार्रवाई और वसूली करने तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निदेश दिए गए.

20 अन्य निर्माण कार्यों में कमियां मिली

निरीक्षण के दौरान 20 अन्य निर्माण कार्यों में भी कमियां पाई गई, जिनमें आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं. बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि पूर्व में किए गए निरीक्षणों के प्रतिवेदनों का पालन सुनिश्चित किया जाए और सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण किया जाए. साथ ही मुख्य अभियंता और अधीक्षण यंत्री स्वयं इसकी नियमित समीक्षा करें, जिससे आगामी माह की ग्रेडिंग में सुधार हो सके.

ये भी पढ़ें-Seoni News: लखनादौन नगर परिषद में दुकानों के आवंटन में गड़बड़ी, 83 लाख का घोटाला, 23 लोग गिरफ्तार

मानसून से पहले मरम्मत को प्राथमिकता

लोक निर्माण विभाग ने पुल-पुलियों के मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और जहां स्थिति खतरनाक है, वहां नए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि मानसून से पहले आवश्यक कार्य पूरे किए जा सकें. बैठक में सड़क सुरक्षा और ब्रिज सेफ्टी ऑडिट के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने, लोक कल्याण सरोवरों के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने और लोक निर्माण सर्वेक्षण ऐप के माध्यम से सभी सड़कों की मैपिंग जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए गए.

साथ ही यह तय किया गया कि नई सड़कों के निर्माण कार्यों के लिए कार्यादेश जारी करने से पहले संबंधित सडक का सर्वेक्षण लोक निर्माण सर्वेक्षण ऐप के माध्यम से अनिवार्य रूप से किया जाएगा. विभाग के अंतर्गत नए कार्यों के वर्क ऑर्डर भी इसी ऐप के माध्यम से कोड जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Exit mobile version