असम-बंगाल चुनाव से पहले MP BJP के नेता मैदान में उतरे, मंत्री राकेश सिंह समेत कई सांसदों को सौंपी जिम्मेदारी
कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह(File Photo)
MP News: पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनाव के ऐलान से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश के नेताओं को भी चुनावी तैयारियों में झोंक दिया है. प्रदेश से मंत्री, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक और पूर्व विधायकों समेत 30 से ज्यादा नेताओं को असम और पश्चिम बंगाल भेजा गया है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं.
अप्रैल या मई महीने में हो सकते हैं विधानसभा चुनाव
सूत्रों के मुताबिक दोनों ही राज्यों में अप्रैल या मई में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं. असम में भाजपा की सरकार है, जबकि पश्चिम बंगाल में पार्टी मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में है. ऐसे में भाजपा संगठन ने दूसरे राज्यों के नेताओं को भी चुनावी रणनीति में शामिल किया है. असम में प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह और नरेंद्र शिवाजी पटेल सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. बुधवार को राकेश सिंह ने नगांव स्थित भाजपा जिला कार्यालय में नगांव और कलियाबोर क्षेत्र के मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की. वहीं नरेंद्र शिवाजी पटेल को लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है और वे वहां संगठनात्मक गतिविधियों में जुटे हुए हैं.
इन नेताओं को भी मैदान में पार्टी ने उतारा
इसके अलावा सांसद आलोक शर्मा, दर्शन सिंह चौधरी, कविता पाटीदार, विनोद गोटिया, पूर्व सांसद केपी यादव, श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व विधायक गिर्राज दंडोतिया और संजय शाम भी अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हैं. मणिपुर से सटे सिल्चर लोकसभा क्षेत्र के सात विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सांसद कविता पाटीदार को सौंपी गई है, जहां उनके साथ श्याम सुंदर शर्मा सहित अन्य नेताओं की टीम काम कर रही है. इधर पश्चिम बंगाल में फिलहाल भाजपा युवा मोर्चा की एक टीम को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया है. संगठन स्तर पर अभी यह तय होना बाकी है कि प्रदेश से और किन नेताओं को चुनावी जिम्मेदारी के लिए वहां भेजा जाएगा.
ये भी पढ़ें: MP News: LPG संकट के बीच सिलेंडर छोड़ इंडक्शन पर शिफ्ट हुआ Sagar Gaire, रेस्टोरेंट संचालक बोले- यह पूरे देश की समस्या