MP में 22.77 लाख महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’, देश में चौथे स्थान पर मध्य प्रदेश, स्वयं सहायता समूहों के जरिए आय बढ़ाने पर फोकस
मध्य प्रदेश की 22 लाख 77 हजार से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं
MP News: महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मध्य प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है. केंद्र सरकार की ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत प्रदेश की 22 लाख 77 हजार से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं, जिससे मध्य प्रदेश देश में चौथे स्थान पर पहुंच गया है.
ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने का लक्ष्य
केंद्र सरकार के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है. ‘लखपति दीदी’ का मतलब उन महिलाओं से है, जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये या उससे अधिक हो जाती है. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और छोटे व्यवसायों से जोड़ा जा रहा है. इस योजना की घोषणा वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री द्वारा की गई थी, जिसका लक्ष्य देशभर में करोड़ों महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है. मध्य प्रदेश में इस दिशा में तेजी से काम हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश की बड़ी संख्या में महिलाएं आय के नए स्रोतों से जुड़ रही हैं.
महिलाओं को खेती किसानी की मिल रही मदद
प्रदेश में महिलाओं को प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता देने पर भी विशेष जोर दिया गया है. ‘नमो ड्रोन दीदी’ पहल के तहत राज्य की महिलाओं को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसके लिए मध्य प्रदेश को 34 ड्रोन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे महिलाएं आधुनिक खेती और तकनीकी कार्यों में भी भागीदारी निभा रही हैं. अब महिलाएं ड्रोन के माध्यम से खेतों में कीटनाशक छिड़काव और उर्वरक प्रबंधन जैसे कार्य कर रही हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की योजनाएं ना केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति दे रही हैं.
ट्रेनिंग देने में टॉप पर ये 5 राज्य
- आंध्र प्रदेश – 96 ड्रोन
- कर्नाटक – 82 ड्रोन
- तेलंगाना – 72 ड्रोन
- मध्य प्रदेश – 34 ड्रोन
- उत्तर प्रदेश – 32 ड्रोन
ये भी पढ़ें: प्रॉपर्टी कार्ड वितरण में MP अव्वल, गुजरात-महाराष्ट्र को पीछे छोड़ा, 54 लाख से ज्यादा लोगों को मिला संपत्ति का अधिकार