MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में इमली चौराहे पर खड़ी 3 बसों में भीषण आग लग गई. इसके बाद आसपास के लोगों और लगभग 25 गाड़ियों को हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. आग इतनी भीषण थी कि काफी दूर से ही दिखाई दे रही थी. वहीं सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं. दमकल की 3 गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
ट्रैफिक सिपाही ने आग देखते ही ड्राइवरों को किया अलर्ट
जानकारी के मुताबिक मौके पर मौजूद एक ट्रैफिक सिपाही ने आग को देखा था. इसके बाद सिपाही ने फौरन बस ड्राइवरों को अलर्ट किया और बाहर निकलने के लिए कहा. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता आग ने भीषण रूप ले लिया. जिसके बाद आसपास खड़ी लगभग 25 बसों को हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. इसके साथ ही जाम की स्थिति से बचने के लिए सड़क पर इकट्ठा हुई भीड़ को भी तुरंत हटाया गया.
अवैध पार्किंग पर खड़ी थीं बसें
स्थानीय लोगों का कहना है कि बसें जहां खड़ी थीं, वो अवैध पार्किंग है. तीन इमली चौराहे के पास अवैध बस पार्किंग बनाई गई है. बताया जा रहा है कि अवैध पार्किंग के एवज में वसूली की जाती है. काफी लंबे से समय से खाली पड़े प्लॉट में बसों की अवैध पार्किंग की जा रही है.
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया
बसों में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. इनमें मोती तबेला फायर स्टेशन की दो और गांधी हॉल फायर स्टेशन की एक गाड़ी शामिल है. इसके अलावा 3 पानी के टैंकर भी मंगवाए गए थे. सभी की मदद से लगभग आधे घंटे में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
