Ujjain: आज पूरे राज्य में बड़े हर्षोल्लास के साथ रंगपंचमी का त्योहार मनाया जा रहा है. इस पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन पहुंचे और श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान महाकाल का विधिवत अभिषेक किया और नंदी हॉल में बैठकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की.
पारंपरिक गैर में भी शामिल हुए मुख्यमंत्री
रंगपंचमी के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव महाकाल मंदिर से निकलने वाली पारंपरिक गैर में भी शामिल हुए. उन्होंने परंपरागत गैर ध्वजा का पूजन किया और उत्सव में भाग लेते हुए शस्त्र संचालन का प्रदर्शन भी किया. इस दौरान मुख्यमंत्री तलवारबाजी करते हुए भी नजर आए, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और लोग मौजूद रहे.
उज्जैन में उत्साह और आस्था का माहौल
रंगपंचमी के मौके पर उज्जैन में उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘ॐ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि तन्नो रुद्रः प्रचोदयात्.’ उन्होंने बाबा महाकाल से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की.
पद संभालने के बाद से ही डॉ. मोहन यादव प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं को राजकीय उत्सव के रूप में प्रमोट कर रहे हैं. वो उज्जैन की सड़कों पर वह किसी वीआईपी की तरह नहीं, बल्कि एक आम नागरिक की तरह लोगों के बीच पहुंचे.
ये भी पढ़ें: मैहर के शारदा मंदिर की रोपवे सेवा 14 मार्च तक बंद, मेंटेनेंस के कारण लिया फैसला, हेल्पलाइन नंबर भी जारी
