Vistaar NEWS

MP News: मऊगंज में गैस के लिए जंग! 450 सिलेंडर पर हजारों की भीड़, नोडल अधिकारी भी नदारद

mauganj lpg gas cylinder shortage

मऊगंज में एलपीजी की किल्लत

MP News (मऊगंज से लवकेश सिंह की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में रसोई गैस का संकट अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि गैस सिलेंडर पाने के लिए उपभोक्ताओं को सुबह से ही एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है. चिलचिलाती धूप में महिलाएं, बुजुर्ग और मजदूर वर्ग के लोग घंटों इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा और उन्हें खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है.

450 सिलेंडर, हजारों उपभोक्ता, कैसे मिलेगी गैस?

जानकारी के मुताबिक गैस एजेंसियों पर रोजाना हजारों की संख्या में उपभोक्ता पहुंच रहे हैं, जबकि सप्लाई महज करीब 450 सिलेंडरों तक ही सीमित है. ऐसे में पूरे दिन लाइन में लगने के बाद भी बड़ी संख्या में लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है. इससे लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गैस की सप्लाई बढ़ाई जाए और वितरण व्यवस्था पारदर्शी हो, तो उन्हें इस तरह घंटों धूप में खड़े रहने की मजबूरी न झेलनी पड़े.

कागजों में नोडल अधिकारी, जमीन पर गायब!

गैस की किल्लत और संभावित कालाबाजारी पर नजर रखने के लिए प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी की तैनाती की बात कही गई थी. लेकिन एजेंसियों पर नोडल अधिकारी का कहीं कोई अता-पता नहीं दिख रहा है. इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.

ग्राउंड में धूप में इंतजार, पानी और छांव तक नहीं

स्थिति यह है कि खुले ग्राउंड में सुबह से लाइन में लगे लोगों के लिए न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही छांव का कोई इंतजाम. तेज धूप में सिलेंडर के इंतजार में खड़े रहना लोगों के लिए किसी सजा से कम नहीं है.

ये भी पढ़ें: Ujjain News: सिहस्थ से पहले किन्नर अखाड़े में 4 महामंडलेश्वर और 4 महंतों की नियुक्ति, सभी को मिली अलग-अलग जिम्मेदारी

कब खत्म होगा गैस संकट?

मऊगंज में लगातार बढ़ रही गैस की किल्लत ने आम लोगों की रसोई पर संकट खड़ा कर दिया है. अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान करेगा या फिर जनता को इसी तरह गैस सिलेंडर के लिए धूप में जंग लड़नी पड़ेगी.

Exit mobile version