LPG Crisis: एमपी में LPG संकट गहराया, ऑनलाइन बुकिंग ठप; इंडक्शन और डीजल भट्ठी के रेट दोगुने

LPG Crisis: सर्वर डाउन होने की वजह से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर सहित पूरे प्रदेश में ऑनलाइन बुकिंग लगभग ठप हो गई है.
LPG Crisis

एलपीजी गैस की कमी

LPG Crisis: मध्य प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है. सर्वर डाउन होने की वजह से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर सहित पूरे प्रदेश में ऑनलाइन बुकिंग लगभग ठप हो गई है. स्थिति यह है कि लोग गैस सिलेंडर बुक ही नहीं कर पा रहे हैं और बुकिंग की वेटिंग 7 से 8 दिन तक पहुंच गई है. गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं.

बाजार में इंडक्शन कुकर की बिक्री बढ़ी

गैस की कमी का असर अब बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है. कई जगह लोग खाना बनाने के लिए इंडक्शन और डीजल भट्ठी जैसे विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं. भोपाल में इंडक्शन कुकर की बिक्री अचानक कई गुना बढ़ गई है. वहीं प्रदेश के करीब 50 हजार होटल और रेस्टोरेंट में भी गैस खत्म होने की नौबत आ गई है, जिससे कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है.

होटल-रेस्टोरेंट में गैस की गंभीर कमी

होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि पिछले चार दिनों से उन्हें कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं. भोपाल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली के मुताबिक शहर के करीब दो हजार होटल और रेस्टोरेंट को चार दिनों से एक भी सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिली है. कई प्रतिष्ठानों में स्थिति इतनी गंभीर है कि वहां मौजूद गैस का स्टॉक सिर्फ 24 से 48 घंटे तक ही चल पाएगा.

इंडक्शन की बिक्री में तेज उछाल

गैस संकट के कारण बाजार में इंडक्शन कुकर की मांग तेजी से बढ़ गई है. भोपाल के बाजारों में पिछले दो दिनों से बड़ी संख्या में लोग इंडक्शन खरीदने पहुंच रहे हैं. बैरागढ़ के कारोबारी हरीश तेजवानी के अनुसार पहले जहां एक-दो इंडक्शन ही बिकते थे, वहीं अब दो दिनों में आठ से ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं. शहर में करीब चार हजार दुकानों पर इंडक्शन उपलब्ध हैं, जिनमें बैरागढ़ और पुराने शहर की दुकानों की संख्या अधिक है.

मांग बढ़ने के साथ ही इंडक्शन कुकर की कीमतों में भी तेजी आई है. कई दुकानों पर इनके दाम एक से दो हजार रुपए तक बढ़ गए हैं. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी कीमतें पहले की तुलना में काफी ज्यादा हो चुकी हैं. जो इंडक्शन पहले 1800 से 2000 रुपए के बीच मिल जाता था, अब उसकी कीमत 3500 रुपए से ऊपर पहुंच गई है.

सिलेंडर की कालाबाजारी के मामले सामने आए

एलपीजी की कमी के बीच कुछ जगहों पर सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं. भोपाल में चार सिलेंडर करीब 21 हजार रुपए में बेचे जाने की बात सामने आई है. रीवा में घरेलू सिलेंडर दो हजार रुपए तक में बिक रहा है, जबकि छिंदवाड़ा में कई शादियों में गैस की जगह डीजल भट्ठियों पर खाना बनाने की तैयारी की जा रही है.

बुकिंग नियमों में किया गया बदलाव

घरेलू सिलेंडर की बुकिंग व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है. अब एक सिलेंडर की डिलीवरी मिलने के बाद उपभोक्ता को दूसरा सिलेंडर बुक करने के लिए कम से कम 25 दिन इंतजार करना होगा. जमाखोरी रोकने के लिए डिलीवरी के समय OTP या बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है. साथ ही सभी ऑयल रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि घरेलू गैस की आपूर्ति को जल्द सामान्य किया जा सके.

ये भी पढे़ं- गैस सिलेंडर पर मुख्य सचिव ने की बैठक; भोपाल कलेक्टर का आदेश- मॉल, होटल और रेस्टोरेंट में नहीं होगी सप्लाई

ज़रूर पढ़ें