Indore Fire: CM मोहन यादव ने इंदौर अग्निकांड की जांच के आदेश दिए, कार चार्जिंग से आग लगने पर हुई थी 8 की मौत
सीएम मोहन यादव ने इंदौर अग्निकांड के जांच के आदेश दिए
Indore Fire: इंदौर अग्निकांड मामले में सीएम मोहन यादव ने जांच के दिए हैं. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग से हुई दुर्घटना से नई चुनौती सामने आई है. इसकी गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को व्यवस्थित जांच के निर्देश दिए हैं.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने आगे कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने एवं जागरूकता की दिशा में हम कार्य करेंगे. डिजिटल लॉक जैसी सुविधाओं का उपयोग हमारी आवश्यकता है, लेकिन इसके साथ सतर्कता और सावधानी भी जरूरी है.
इंदौर में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग से हुई दुर्घटना से नई चुनौती सामने आई है। इसकी गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को व्यवस्थित जांच के निर्देश दिए हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने एवं जागरूकता की दिशा में हम कार्य करेंगे।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 18, 2026
डिजिटल लॉक जैसी सुविधाओं का उपयोग हमारी आवश्यकता है, लेकिन इसके…
8 लोगों की हुई थी मौत
इंदौर के बंगाली चौराहे के पास बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के करीब 4 बजे दर्दनाक हादसा हो गया. दरअसल, रबर कारोबारी मनोज पुगालिया के घर के बाहर इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी हुई थी. बताया जा रहा है कि इसमें अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया. इस वजह घर में आग लग गई. पुलिस के अनुसार घर में गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिससे आग ने और भयानक रूप ले लिया.
इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि घर के दरवाजों में डिजिटल लॉक होने के कारण कारोबारी और उनका परिवार घर से बाहर नहीं निकल पाया. बिहार के किशनगंज से इंदौर में इलाज के लिए 6 रिश्तेदार आए थे. इस पूरे घटनाक्रम में 4 लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है.
सीएम ने घटना पर दुख जताया
मुख्यमंत्री ने इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि इंदौर में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है. हादसे में दिवंगत नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि, मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मोहन सरकार में मंत्री तुलसी सिलावट और पुष्यमित्र भार्गव ने घटनास्थल का दौरा किया.