MP Weather Update: एमपी में दिखे गर्मी के तेवर! धार में पारा 39 डिग्री, 15 मार्च के बाद और बढ़ेगा असर

MP Weather Update: ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है. राजधानी भोपाल समेत इंदौर और उज्जैन में भी गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है.
Weather Update

मौसम

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मार्च के दूसरे सप्ताह से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है. राजधानी भोपाल समेत इंदौर और उज्जैन में भी गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 मार्च के बाद प्रदेश में गर्मी और ज्यादा तेज हो सकती है.

धार में सबसे ज्यादा तापमान

मंगलवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान धार में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा सागर में 38.9 डिग्री, रतलाम और नर्मदापुरम में 38.8 डिग्री, खजुराहो (छतरपुर) में 38.3 डिग्री, गुना में 38.1 डिग्री और दमोह व टीकमगढ़ में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. कई अन्य जिलों में भी पारा 37 डिग्री के आसपास पहुंच गया.

बड़े शहरों में भी बढ़ा पारा

बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा उज्जैन में 37 डिग्री, इंदौर में 36.8 डिग्री, जबलपुर में 36.6 डिग्री और भोपाल में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को दिन के समय तेज गर्मी का एहसास होने लगा है.

हवा की दिशा बदलने से बढ़ी गर्मी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में हवा की दिशा में बदलाव आया है. पहले हवा उत्तर-पूर्व से चल रही थी, लेकिन अब यह पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही है. हवा में नमी भी काफी कम हो गई है और रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं तापमान बढ़ाने का काम कर रही हैं, जिससे गर्मी जल्दी महसूस होने लगी है.

मार्च में बढ़ती हैं मौसमी बीमारियां

डॉक्टरों का कहना है कि मार्च का मौसम स्वास्थ्य के लिहाज से संवेदनशील होता है. इस समय दिन में गर्मी बढ़ जाती है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रहती है. ऐसे में कई लोग गर्मी से राहत पाने के लिए हल्के कपड़े पहन लेते हैं या ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते हैं, जिससे सर्दी-जुकाम, एलर्जी और अस्थमा जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं. डॉक्टरों ने खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह और देर रात की ठंडी हवा से बचाव करने की सलाह दी है.

ये भी पढे़ं- MP Weather Update: एमपी में बदल रहा मौसम का मिजाज, सुबह-रात ठंडक, दिन में तेज गर्मी, मार्च के शुरूआत में तापमान 39 डिग्री पहुंचा

ज़रूर पढ़ें