MP Weather Update: एमपी में चिलचिलाती धूप और गर्मी के तेवर तेज! कई शहरों में पारा 40 डिग्री पहुंचा, 15-16 मार्च को बरिश के आसार
मौसम समाचार
MP Weather Update: मार्च के दूसरे सप्ताह में ही मध्य प्रदेश में गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. दिन के समय चिलचिलाती धूप लोगों के लिए परेशानी बन रही है. गुरुवार को इस सीजन में पहली बार नर्मदापुरम, रतलाम और धार में गर्म हवाएं चलीं, जिससे तापमान में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई. शुक्रवार को भी इन इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. प्रदेश के करीब 10 शहरों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है. नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इसके असर से 15 और 16 मार्च को कई जिलों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 15 मार्च को ग्वालियर और जबलपुर संभाग सहित करीब 16 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद 16 मार्च को प्रदेश के पूर्वी हिस्से के लगभग 14 जिलों में भी मौसम बदलने की संभावना है, जिससे कुछ समय के लिए तापमान में गिरावट आ सकती है.
फिलहाल गर्मी का असर जारी
हालांकि इसके पहले प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है. बीते दिनों धार, नर्मदापुरम और रतलाम में लू के साथ तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया. वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में भी तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है.
इन शहरों में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
तापमान की बात करें तो नर्मदापुरम में सबसे अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद रतलाम में 39.5 डिग्री, खजुराहो में 39 डिग्री, धार में 38.8 डिग्री और दमोह व टीकमगढ़ में 38.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. खंडवा में 38.1 डिग्री तथा मंडला, श्योपुर और खरगोन में करीब 38 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
बड़े शहरों में भी बढ़ा पारा
प्रदेश के प्रमुख शहरों में इंदौर में 37.8 डिग्री, उज्जैन में 37.5 डिग्री, ग्वालियर में 37.2 डिग्री, भोपाल में 37 डिग्री और जबलपुर में 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ क्षेत्रों में राहत मिल सकती है, लेकिन फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर जारी रहेगा.
ये भी पढे़ं- सोलर रूफटॉप में MP देश में सातवें नंबर पर, अब तक 1 लाख 1 हजार 745 घरों में इंस्टॉल