LPG Crisis: इंदौर में 25 दिन बाद मिलेगा घरेलू गैस सिलेंडर, कमर्शियल गैस की सप्‍लाई बंद, होटल-केटरिंग पर असर

LPG Crisis: घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति जारी रहेगी, लेकिन उनके लिए बुकिंग नियमों में बदलाव किया गया है और अब नया सिलेंडर 25 दिन के अंतराल के बाद ही मिलेगा.
LPG Crisis

LPG Crisis

LPG Crisis: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है और इसका असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है. मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई फिलहाल पूरी तरह रोक दी गई है. हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति जारी रहेगी, लेकिन उनके लिए बुकिंग नियमों में बदलाव किया गया है और अब नया सिलेंडर 25 दिन के अंतराल के बाद ही मिलेगा. कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बंद होने से होटल, रेस्टोरेंट और केटरिंग कारोबार पर संकट गहराने लगा है.

घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता, कमर्शियल सप्लाई बंद

सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी है. पेट्रोलियम कंपनियों ने सोमवार से गैस एजेंसियों को कमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी बंद कर दी है. एजेंसी संचालकों के पास मौजूद स्टॉक भी लगभग खत्म हो चुका है. ऐसे में आने वाले एक-दो दिनों में होटल और केटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है. स्थिति को देखते हुए सरकार ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को वैकल्पिक ईंधन या अन्य साधनों का उपयोग करने की सलाह दी है, ताकि उनका काम प्रभावित न हो.

होटल, केटरिंग और शादी समारोह प्रभावित

कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद होने का सबसे ज्यादा असर केटरिंग व्यवसाय, होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर पड़ने की आशंका है. शादी-विवाह के सीजन में यह समस्या और गंभीर हो सकती है. कई रेस्टोरेंट संचालक सिलेंडर के लिए तीन से चार सौ रुपये अतिरिक्त देने को भी तैयार हैं, लेकिन फिलहाल बाजार में सिलेंडर उपलब्ध नहीं है. ऐसे में उन परिवारों की चिंता भी बढ़ गई है जिनके घरों में शादी या समारोह हैं और जिनके लिए हलवाइयों के जरिए भोजन तैयार कराया जाना है.

इंदौर में खपत और सप्लाई की स्थिति

इंदौर में व्यावसायिक गैस सिलेंडर की खपत काफी अधिक है. शहर में करीब 350 से 500 होटल और लगभग दो हजार रेस्टोरेंट संचालित होते हैं, जिनमें कमर्शियल सिलेंडरों का उपयोग होता है. इसके अलावा कई छोटे उद्योगों में भी यही सिलेंडर इस्तेमाल किए जाते हैं. सामान्य दिनों में शहर में प्रतिदिन लगभग साढ़े तीन से चार हजार कमर्शियल सिलेंडरों की खपत होती है, जबकि सप्ताहांत और शादी-विवाह के सीजन में यह संख्या छह हजार से अधिक पहुंच जाती है.

पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू गैस उपभोक्ताओं को नियमित सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए फिलहाल व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति रोकने का निर्णय लिया है. साथ ही गैस एजेंसियों से हॉस्पिटल, हॉस्टल, एजुकेशन सेंटर और अन्य जरूरी संस्थानों की सूची भी मांगी गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें प्राथमिकता दी जा सके.

ये भी पढे़ं- LPG Crisis: ईरान-इजरायल युद्ध के बीच ईधन संकट में भारत, भोपाल में बढ़ रही है इंडक्शन और एयर फ्रायर खरीदी

ज़रूर पढ़ें