Vistaar NEWS

MP News: आगर-मालवा में पेट्रोल पंप के पास कार में लगी आग, कर्मचारियों की सूझ-बूझ से टला हादसा

agar malwa car fire

आगर मालवा: पेट्रोल पंप के पास कार में लगी आग

MP News: मध्य प्रदेश के आगर मालवा शहर के विजय स्तंभ स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास गुरुवार (19 मार्च) दोपहर को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खड़ी ओमनी कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते कार से धुआं और तेज लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पेट्रोल पंप के ठीक पास आग लगने से स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी. थोड़ी सी भी लापरवाही बड़े विस्फोट का कारण बन सकती थी.

सूझ-बूझ से टला हादसा

दरअसल, विजय स्तंभ स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ी एक ओमनी वैन में आग लग गई. इस वजह से इलाके में हड़कंप मच गया. पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत फायर सेफ्टी उपकरणों का उपयोग कर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया. उनकी तत्परता ने हालात को बिगड़ने से रोक दिया.

घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने का काम तेजी से शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

ये भी पढ़ें: MP News: असलम चमड़ा की जमानत को लेकर विरोध प्रदर्शन, विश्व हिंदू परिषद ने निकाली ‘शव यात्रा’

हादसे की वजह से लगा जाम

वहीं सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आसपास जमा भीड़ को हटाया. पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र को खाली कराया और लोगों को दूरी बनाए रखने की हिदायत दी. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आग लगने से ओमनी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है. संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है.

Exit mobile version