Bhopal: नकली लैब रिपोर्ट दिखाकर बेचा जाता था दूध, 20 करोड़ की विदेशी मुद्रा मामले में किशन मोदी गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर
Bhopal News: दूध उत्पादन कंपनी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ईडी) ने कारोबारी किशन मोदी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि फर्जी लैब रिपोर्ट के आधार पर विदेशों में दूध उत्पादों का निर्यात कर अवैध तरीके से लगभग 20 करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा जमा की गई.
फर्जी रिपोर्ट तैयार कराकर दिखाई गुणवत्ता
जांच एजेंसी के मुताबिक यह कार्रवाई (पीएमएलए) और (फेमा) के प्रावधानों के तहत की गई है. मामले में लंबे समय से वित्तीय लेन-देन और विदेशी खातों की जांच चल रही थी. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कंपनी ने फर्जी प्रयोगशाला रिपोर्ट तैयार कराकर दूध और डेयरी उत्पादों को गुणवत्ता प्रमाणित दिखाया, जिसके आधार पर कई वर्षों तक दूसरे देशों में निर्यात किया जाता रहा. इस प्रक्रिया के जरिए बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा भारत में लाई गई और उसे अलग-अलग खातों में जमा किया गया.
शहरों में करोड़ों रुपए का निवेश
जांच एजेंसियों के अनुसार किशन मोदी ने देश के कई शहरों में करोड़ों रुपए का निवेश कर आउटलेट भी खोले थे. इनमें डोमिनोज और तिरुपति बाबाजी नाम से जुड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भी उल्लेख सामने आया है.इस मामले में पहले भी आर्थिक अपराध प्रकोष और ईडी द्वारा वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई की जा चुकी है.
विदेशी लेन-देन की गहन पड़ताल
जांच एजेंसियां अब विदेशी लेन-देन, फर्जी दस्तावेजों और निवेश के नेटवर्क की गहन पड़ताल कर रही हैं. सूत्रों के मुताबिक मामले में अन्य सहयोगियों और संबंधित कंपनियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां या संपत्ति जब्ती की कार्रवाई संभव है.
ये भी पढ़ें: ‘ट्रंप शैतान की औलाद है’, सपा की पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने बढ़ते पेट्रोलियम दामों को लेकर केंद्र पर भी निशाना साधा