MP News: भोपाल गोलीकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल समेत शादाब गेट को पुलिस ने दबोचा
भोपाल गोलीकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार.
MP News: भोपाल गोलीकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. राजधानी के हमीदिया अस्पताल में हुए गोलीकांड का मुख्य आरोपी शादाब कुरैशी उर्फ शादाब गेट पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. महाराष्ट्र के जलगांव जिले की भुसावल पुलिस ने रोड चेकिंग के दौरान शादाब को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भुसावल पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. वहीं अब भोपाल पुलिस भी बरामद पिस्टल की जांच करेगी. बता दें कि फायरिंग कांड में सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल का इस्तेमाल हुआ था. पुलिस शादाब कुरैशी के पूरे नेटवर्क, उसकी संपत्ति और पैसों के सोर्स जांच कर रही है. ऐशो-आराम की जिंदगी जीना शादाब कुरैशी उर्फ गेट का शौक था.
पुलिस पांच आरोपियों की तलाश में जुटी
फिलहाल पुलिस अन्य पांच आरोपियों अनस, अल्लू परवेज, साहब, मौलाना शाहजेद गेट और गुड्डू की तलाश में जुटी है. ये सभी अब भी फरार हैं. क्राइम ब्रांच और पांच थानों की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. फायरिंग की घटना के बाद भोपाल पुलिस कमिश्नर ने शादाब पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.
पिछले दिनों राजधानी भोपाल में गैंगवार देखने को मिला था, जिसमें अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में गैंगस्टर ललू रइस के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी. यह फायरिंग शादाब गेट गैंग और उसके साथियों द्वारा की गई थी. इस दौरान ललू रईस के बेटे इमरान के पैर में गोली लग गई थी, जिसके बाद उसे हमीदिया अस्पताल ले जाया गया था. इमरान का पीछा करते हुए शादाब गेट गैंग के लोगों ने अस्पताल में भी फायरिंग की थी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे.
ललू रईस के बेटे ने किया था हमला
दरअसल पूरा मामला दोनों गैंग के पुराने रंजीस से जुड़ा हुआ है. 2 साल पहले ललू रईस के बेटे इमरान ने शादाब गेट के भाई पर हमला किया था, जिसमें शादाब के भाई की उंगली कट गई थी. इसी का बदला लेने के लिए लालू रईस के बेटे इमरान पर शादाब गैंग के तरफ से हमला किया गया.
घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी कर रही है. इसमें पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. मुख्य आरोपी शादाब गेट को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों गैंग का शहर में अवैध जुआ और सट्टा का कारोबार है.