Vistaar NEWS

MP में 14 महीनों में 66 बाघों की मौत, STF ने वन विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी

Tiger (File Photo)

बाघ(File Photo)

MP News: मध्यप्रदेश में बाघों की मौत और शिकार के बढ़ते मामलों को लेकर विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने सख्ती दिखाई है. एसटीएफ ने अब तक सामने आए मामलों की स्थिति जानने के लिए वन विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. बताया जा रहा है कि प्रदेश में पिछले 14 महीनों में 66 बाघों की मौत दर्ज की गई है, जिसके बाद इन मामलों की निगरानी और जांच तेज कर दी गई है.

साल 2025 में अब तक 55 बाघों की मौत

जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में अब तक 55 बाघों की मौत हो चुकी है, जबकि वर्ष 2026 के शुरुआती दो महीनों में ही 11 बाघों की मौत के मामले सामने आ चुके हैं. इन घटनाओं में प्राकृतिक कारणों के साथ-साथ शिकार और अन्य संदिग्ध कारणों की भी जांच की जा रही है. एसटीएफ को मिली जानकारी के मुताबिक नौ मामलों में बाघों के शिकार की आशंका जताई गई है. इनमें से पांच मामलों में बाघों की मौत शिकार के फंदों में फंसने के कारण बताई जा रही है. इसके अलावा तीन मामले बाघों के अंगों की तस्करी से भी जुड़े बताए जा रहे हैं. इन मामलों में जांच एजेंसियां सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कई मामलों में बाघों की मौत प्राकृतिक कारणों से भी होती है, लेकिन जहां भी शिकार की आशंका होती है, वहां विशेष जांच की जाती है. एसटीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ऐसे मामलों की निगरानी कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.

अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके

विशेषज्ञों का मानना है कि बाघों के संरक्षण के लिए जंगलों में निगरानी तंत्र को और मजबूत करने की जरूरत है. इसके तहत गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी रखने और वन्यजीव अपराधों पर सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया जा रहा है. एसटीएफ ने वन विभाग से यह भी जानकारी मांगी है कि अब तक इन मामलों में क्या कार्रवाई की गई है, कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं और जांच की वर्तमान स्थिति क्या है. इसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी, ताकि प्रदेश में बाघों के शिकार और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके.

ये भी पढ़ें: MP में अब रिटायरमेंट के बाद भी होगी सरकारी कर्मचारियों से अधिक वेतन भुगतान की वसूली, कोर्ट के आदेश के बाद सरकार का फैसला

Exit mobile version