Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के उरी में घुसपैठ की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी आतंकी को सेना के जवानों ने ढेर कर दिया. सेना के जवान और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑपरेशन डिग्गी 2 चलाया गया था, जिसमें नियंत्रण रेखा (LoC) के अंदर घुसने की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया. फिलहाल, कार्रवाई जारी है.
मीडिया रिपोर्ट के सूत्रों के मुताबिक, गोलीबारी के बाद, सैनिकों ने एक एके 47 राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है. सुरक्षाबलों को आतंकी गतिविधियों की खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद सेना के जवानों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया है. 14 और 15 मार्च की रात को उरी सेक्टर के बुच्छर इलाके में सेना के जवानों ने खुफिया जानकारी के आधार पर घेराबंदी शुरू कर दी. जब सीमा पार करने की कोशिश कर रहे आतंकी को जवानों ने घेर लिया, तो उसने अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दिया. जवानों की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी आतंकी ढेर हो गया.
भारी मात्रा में हथियार बरामद
भारतीय सेना की ओर से बताया गया कि जब आतंकी को चुनौती दी गई, जिसके परिणामस्वरूप उसने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया. मौके से राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद समेत युद्ध सामग्री बरामद की गई है. फिलहाल जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः झुकने को तैयार नहीं ईरान, सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि ने US को दी वार्निंग, कहा-हम खून दे देंगे, लेकिन जमीन नहीं…
सेना के जवानों ने आतंकी को किया ढेर
सुरक्षाबलों का मानना है कि आतंकी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था और वह इसी इरादे के साथ सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था. फिलहाल, सेना के जवानों ने आतंकी को ढेर कर दिया है और सर्च ऑपरेशन जारी है. सेना के जवान अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, कि जो आतंकी मारा गया वह अकेला था या फिर उसके साथ कोई ओर सीमा पार करने की फिराक में है.
