SI भर्ती परीक्षा में ‘पंडित’ विकल्प पर बवाल, सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताई नाराजगी, जानें क्या है मामला
सीएम योगी आदित्यनाथ
UP SI Exam: उत्तर प्रदेश में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में ‘अवसरवादी’ शब्द के विकल्प में ‘पंडित’ दिए जाने को लेकर बवाल मच गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे मामले में नाराजगी जताई है. इसके साथ ही उन्होंने भर्ती बोर्ड के चेयरपर्सन को सख्त हिदायत दी है और निर्देश भी जारी किए गए हैं.
क्या निर्देश जारी किए गए ?
यूपी सीएम की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि किसी भी शख्स/जाति/पंथ/संप्रदाय की मर्यादा और आस्था के मामले में कोई अमर्यादित टिप्पणी ना करें. पेपर सेंटर्स को भी निर्देशित किया गया है. इसके साथ ही आदतन अपराधियों को तुरंत प्रतिबंधित किया जाए.
क्या सवाल पूछा गया था?
दरअसल, 14 मार्च को SI भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी. इसके हिंदी अनुभाग वाले हिस्से में एक प्रश्न था जिसमें लिखा था, कि ऐसे व्यक्ति के लिए एक शब्द का उत्तर है जो अवसर के अनुसार बदल जाता है. इसके विकल्पों में पंडित, अवसरवादी, निर्दोष और सदाचारी शामिल थे.
सीएम से की गई कार्रवाई की मांग
इस सवाल के पूछे जाने पर राज्य में राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है. यूपी बीजेपी सचिव अभिजात मिश्रा ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है. बीजेपी सचिव ने कहा सवाल के विकल्प में ‘पंडित’ शब्द होने से ब्राह्मण समुदाय की भावनाएं हुई हैं.
उन्होंने आगे कहा कि जो शख्स अवसर के मुताबिक बदलता है, उसका सही अर्थ अवसरवादी होता है. वहीं विकल्पों में ‘पंडित’ को शामिल करने से ब्राह्मण समुदाय की भावनाएं आहत होती हैं.
ये भी पढ़ें: Lucknow News: ‘कई हड्डियां टूटी, 18 चोटों के निशान’, 4 साल के मासूम की पीट-पीटकर हत्या
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जताई आपत्ति
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी इस मामले में आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. जांच के आदेश दिए गए हैं. सोशल मीडिया पोस्ट में उपमुख्यमंत्री ने लिखा कि मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए. इस पूरे मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं. संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, भर्ती बोर्ड ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है.