‘ट्रंप शैतान की औलाद है’, सपा की पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने बढ़ते पेट्रोलियम दामों को लेकर केंद्र पर भी निशाना साधा
पूर्व मंत्री शादाब फातिमा(File Photo)
SP Leader Shadab Fatima on Trump: पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी की सीनियर लीडर शादाब फातिमा ने गाजीपुर में मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और पेट्रोलियम समस्या को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जमकर हमला बोला. सपा नेता ने कहा कि ट्रंप शैतान की औलाद है, जिसके कारण तेल की कीमतों में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है.
केंद्र सरकार की नीतियों को ठहराया जिम्मेदार
शादाब फातिमा ने पेट्रोलियम पदार्थों की समस्या को लेकर केंद्र सरकार पर भी हमला बोला है. शादाब फातिमा ने कहा कि देश में पेट्रोलियम समस्याओं के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है. सरकार की गलत नीतियों के कारण ये स्थिति हुई है. शादाब फातिमा अखिलेश सरकार में मंत्री रह चुकी हैं. सोमवार को बसपा संस्थापक रहे कांशीराम की जयंती के मौके पर समाजवादी पार्टी ने भी कार्यक्रम का आयोजन किया था. जिसमें शादाब फातिमा भी शामिल हुईं.
‘एपस्टीन फाइल्स में आने वाले नामों से जवाब मांगना चाहिए’
सोमवार को गाजीपुर के कामरेड सरयू पांडेय पार्क में कांशीराम जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस दौरान सपा नेता ने मोदी सरकार की नीतियों पर जमकर हमला बोला. मीडिया से बात करते हुए शादाब फातिमा ने एपस्टीन फाइल्स को लेकर भी बात की. शादाब फातिमा ने कहा कि देश के जाने माने लोग जिनमें अनिल अंबानी, मंत्री हरदीप पुरी जैसे लोग शामिल हैं. इन सफेदपोश लोगों का नाम एपस्टीन फाइल्स में शामिल है. ऐसे लोगों से पूछताछ करनी चाहिए, इनसे जवाब मांगना चाहिए.
इसके साथ ही शादाब फातिमा ने दावा किया कि यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव में सपा की जीत होगी.
ओम प्रकाश राजभर को हरा चुकी हैं चुनाव
शादाब फातिमा समाजवादी पार्टी में बड़ा महिला चेहरा मानी जाती हैं. वे गाजीपुर से चुनाव लड़ती हैं. साल 2007 में उन्होंने गाजीपुर सदर से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था. इसके बाद उन्होंने साल 2012 में भी गाजीपुर की जहूराबाद विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था. इस चुनाव में उन्होंने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को शिकस्त दी थी. चुनाव जीतने के बाद सपा सरकार में वे कैबिनेट मंत्री भी बनाई गईं थीं.
ये भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर में भागती रही डांसर, भोजपुरी सिंगर खींचकर लाया और फिर स्टेज से फेंक दिया, Video हुआ वायरल