दिल्ली में BJP और ‘आप’ कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की, पालम हादसे में पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे

सौरभ भारद्वाज ने कहा,'ये शोक सभा है. ये कुर्सी भाजपा के विधायक कुलदीप सोलंकी के गुंडों ने मुझे फेंक के मारी. मुझे नहीं लगी, हमारे पूर्व विधायक विनय मिश्रा के सिर में लगी, वो घायल हो गए.'
There was a scuffle between BJP and AAP workers in Delhi.

दिल्ली में बीजेपी और आप कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई.

BJP and AAP workers clash in Delhi: दिल्ली के पालम में हुए दर्दनाक हादसे के बाद सियासत गरमा गई है. पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे बीजेपी और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता एक-दूसरे से भिड़ गए. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई. भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत के बाद गुरुवार को शोकसभा का आयोजन किया गया था. इस झड़प में आम आदमी पार्टी के एक विधायक के घायल होने की खबर है.

केजरीवाल के पहुंचने से पहले ही भिड़े कार्यकर्ता

दिल्ली के पालम इलाके में भीषण लगने से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई थी. जिसके बाद तमाम पार्टियों के नेता शोक सभा में पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर रहे हैं. आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल भी शाम को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचने वाले थे. इसके पहले आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शोक सभा में पहुंच गए. तभी बीजेपी और आप के कार्यकर्ता एक-दूसरे से भिड़ गए. इस दौरान दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत आम आदमी पार्टी के कई पार्षद-विधायक भी मौजूद रहे.

सरकार को जिम्मेदार ठहराने पर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक शोकसभा में दिल्ली आप अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी विधायक कुलदीप सोलंकी को घटना का वीडियो दिखाया. वीडियो दिखाने के दौरान सौरभ भारद्वाज ने इस घटना के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया. जिससे उनके बीच तीखी नोकझोंक हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि पहले गालीगलौज और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई. इसके बाद दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच धक्का-मुक्की देखी गई.

‘BJP विधायक के गुंडों ने कुर्सी फेंककर मारी’

पूरे विवाद को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर वीडियो शेयर करके जानकारी दी है. सौरभ भारद्वाज ने लिखा, ‘ये शोक सभा है. ये कुर्सी भाजपा के विधायक कुलदीप सोलंकी के गुंडों ने मुझे फेंक के मारी. मुझे नहीं लगी, हमारे पूर्व विधायक विनय मिश्रा के सिर में लगी, वो घायल हुए. सोचिए एक परिवार के 9 लोग इस भाजपा सरकार की लापरवाही से मर गए और शोकसभा में अरविंद केजरीवाल जी आ रहे थे. ये भाजपा की मानसिकता है. दिल्ली पुलिस कमिश्नर और दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर मामले में संज्ञान लें.’

पुलिस ने बीच-बचाव करके दोनों पक्षों को शांत करवाया

वहीं बीजेपी और आप नेताओं के बीच विवाद को देखते हुए तुरंत ही पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया. पुलिस ने बीचबचाव करते हुए दोनों पक्षों के नेताओं को मौके से हटाकर मामले को शांत करवाया. हालांकि इस दौरान आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक विनय मिश्रा सिर में चोट लगने से घायल हो गए. वहीं माहौल को देखते हुए बड़ी संख्या पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात किया गया है.

ये भी पढे़ं: बंगाल चुनाव के लिए BJP ने 111 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की, रूपा गांगुली का नाम भी शामिल

ज़रूर पढ़ें