‘दो देशों के झगड़े का यहां असर पड़ा तो इलाज कर देंगे’, संभल के CO बोले- ज्यादा दिक्कत है तो ईरान लड़ने चले जाओ

सीओ कुलदीप कुमार ने कहा, 'पुलिस तो इस हद तक इलाज करती है, जहां वो पोस्टर छपते हैं या स्लोगन लिखे जाते हैं, पुलिस उनका भी इलाज करती है.'
Sambhal CO Kuldeep Kumar

संभल के सीओ कुलदीप कुमार

UP News: उत्तर प्रदेश का संभल जिला हमेशा यहां पर नेताओं और अधिकारियों की बयानबाजी के कारण चर्चा में बना रहता है. खासतौर पर पुलिस अधिकारी भी यहां अपने बयानों के कारण सुर्खियों में रहते हैं. चाहें वो यहां के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई हों, या फिर पहले यहां पर पदस्थ रहे सीओ अनुज चौधरी या ASP श्रीशचंद्र हों. सभी अपने बयानों को लेकर विवादों और चर्चा में रह चुके हैं. अब इस कड़ी में एक और नाम CO सदर कुलदीप कुमार का जुड़ गया है. CO कुलदीप कुमार का एक बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. मिडिल ईस्ट में हो रही लड़ाई को लेकर सीओ ने कहा कि ईरान-इजराइल के झगड़े में अगर किसी को ज्यादा दिक्कत हो रही है तो जहाज में बैठकर ईरान लड़ने चला जाए.

‘कानून व्यवस्था पर असर पड़ेगा तो बहुत बढ़िया इलाज करेंगे’

संभल सीओ कुलदीप कुमार ने कहा, ‘बहुत सारे लोगों को ईरान-इजराइल के बीच हो रहे झगड़े को लेकर खुजली है. अगर इतनी दिक्कत है तो जहाज में बैठ जाओ और ईरान चले जाओ. जाओ वहीं ईरान की तरफ से लड़ो और फिर वापस आ जाओ. लेकिन अगर दो देशों के बीच हो रहे झगड़े का हमारे देश की कानून व्यवस्था पर असर पड़ेगा तो हम बहुत बढ़िया वाला इलाज करेंगे.’

‘जिन देशों की लड़ाई है, वो जानें, यहां छाती ना पीटें’

सीओ कुलदीप कुमार ने आगे कहा, ‘कहीं पर किसी भी प्रकार का नमाज में, अलविदा नमाज में, या फिर जुमे की नमाज में किसी भी देश के विरोध में स्लोगन या नारा नहीं होना चाहिए. हम हिंदुस्तानी हैं, हम भारतीय हैं. दो देशों के बीच में लड़ाई हो रही है, वो अंतराराष्ट्रीय मुद्दा है, वो जानें. लेकिन कोई छाती ना पीटे कि ईरान को मार डाला है. अगर दिक्कत है तो ईरान चले जाओ. लेकिन हम बर्दाश्त नहीं करेंगे, कि अपने देश में कोई व्यक्ति फिजा बिगाड़े. कुछ कस्बों में ऐसे लोग हैं, जिन्होंने ये हरकत की है. दूसरों की लकड़ी हम क्यों लें. ईरान और अमेरका या किसी भी देश के बीच उनका विवाद है तो वे सुलझाएं. अगर ऐसा कुछ है तो हमारी सरकार वो काम करेगी. पुलिस तो इस हद तक इलाज करती है, जहां वो पोस्टर छपते हैं या स्लोगन लिखे जाते हैं, पुलिस उनका भी इलाज करती है.’

‘ईद प्यार और सौहार्द का त्योहार है, कड़वाहट ना घोलें’

दरअसल संभल में सदर के सीओ कुलदीप कुमार आगामी त्योहार ईद में कानून व्यवस्था को लेकर मीटिंग कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘ये त्योहार तो सेवई, मिठास का है. ईद प्यार और सौहार्द का त्योहार है. इसलिए इसमें कड़वाहट क्यों घोलें. ऐसा किसी भी आदमी को ना करिए. कुछ लोग रील बनाने के चक्कर में भड़काऊ पोस्ट करके भाग जाते हैं. ग्रुप में एक ही व्यक्ति खुराफाती होता है. सब लोग मिलकर उस व्यक्ति को ऐसा ना करने दीजिएगा.’

ये भी पढे़ं: बिहार सरकार में मंत्री लेशी सिंह ने नीतीश कुमार को बताया ‘कृष्ण’, CM का नाम लेकर रोने लगीं, बोलीं- जिस तरह से परिवार…

ज़रूर पढ़ें