‘पेट्रोल, डीजल की उपलब्धता पूरी तरह…’, वैश्विक तेल संकट के बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी का बड़ा बयान
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी
Hardeep Singh Puri On Oil Crisis: मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच दुनियाभर में तेल संकट गहरा गया है. ईरान, इजरायल और यूएस युद्ध के बीच अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई है. भारत पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है. इस परिस्थिति के बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि चिंता करने की जरूरत नहीं है.
पेट्रोलियम मंत्री ने क्या कहा?
लोकसभा में गुरुवार (12 मार्च) को बजट सत्र की कार्यवाही के दौरान पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि देश में ईंधन की कमी नहीं है. भारत के पास पर्याप्त मात्रा में कच्चे तेल का भंडार है. उन्होंने अफवाह ना फैलाने और फर्जी जानकारी से बचने की सलाह दी है. इसके साथ ही कहा कि भारत में ऊर्जा उपलब्धता पूरी तरह सुरक्षित है.
पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि कच्चे तेल की आपूर्ति की स्थिति सुरक्षित है. हमारे पास जितना तेल का भंडार है, वह स्ट्रेट ऑफ होर्मूज से मिलने वाली सप्लाई से कहीं ज्यादा है. उन्होंने आगे कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की मजबूत कूटनीतिक पहल और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के कारण कच्चा तेल सुरक्षित कर लिया है.
ये भी पढ़ें: ‘दो देशों के झगड़े का यहां असर पड़ा तो इलाज कर देंगे’, संभल के CO बोले- ज्यादा दिक्कत है तो ईरान लड़ने चले जाओ
‘घबराने की जरूरत नहीं है’
देशभर से एलपीजी को लेकर किल्लत की खबरें भी सामने आ रही हैं. कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग पर रोक लगा दी गई है. वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए 25 दिनों की अवधि रखी है. LPG संकट पर हरदीप पुरी ने कहा कि सरकार की ओर से ये सुनिश्चित किया गया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को CNG और PNG मिलती रहे. न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक उन्होंने सस्ती और बिना रुकावट ऊर्जा आपूर्ति होती रहेगी. इसके साथ ही उन्होंने जोड़ा कि डोमेस्टिक उपभोक्ताओं के लिए किसी तरह की कोई कमी नहीं होगी, घबराने की जरूरत नहीं है.