मंदिर में लिए 7 फेरे, शादी के 5वें दिन ही जेवर लेकर भागी लुटेरी दुल्हन, ब्याह के नाम पर युवक से ठगी
झांसी में शादी के नाम पर युवक से ठगी
UP Marriage Fraud: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक अधेड़ उम्र के शख्स से शादी ने नाम पर कुछ लोगों ने ठगी कर ली. आरोप है कि अधेड़ शख्स को दो युवकों ने शादी के नाम पर अपने झांसे पर लिया और अधेड़ उम्र की महिला के साथ ही शादी करा दी. इसके बाद गहने लेकर महिला रफूचक्कर हो गई. हालांकि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानें क्या है पूरा मामला?
झांसी जिले के रक्सा थाना अंतर्गत परासई गांव के रहने वाले उत्तम अहिरवार ने बताया कि हमें मुआवजे के 5 लाख रुपए मिले थे. हमारी शादी नहीं हो रही थी, तो हम जीवनसाथी की तलाश में जुटे थे. इसी दौरान मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के दो युवक मिले, जिन्होंने पैसे लेकर शादी कराने का झांसा दिया. शादी के नाम पर उन्होंने 60 हजार रुपए नगद भी ले लिए. इसके बाद एक अधेड़ महिला से शादी करा दी.
शादी के नाम पर ठगी
उत्तम की शादी झांसी जिले करौंदी माता मंदिर में जिस महिला से कराई गई. वह भी अधेड़ उम्र की है. लेकिन शादी के ज्यादा दिन टिक नहीं पाई. पीड़ित ने बताया कि पहले तो 3-4 दिन सबकुछ ठीक-ठाक रहा, लेकिन इसके बाद वह अचानक से गायब हो गई. पहले तो उसे खुद खोजने का प्रयास किया. जब कहीं नजर नहीं आई, तो हमें ठगी का अहसास हुआ और हम पुलिस के पास मदद के लिए पहुंच गए.
ये भी पढ़ेंः CM योगी की मां को अपशब्द कहने वाले मौलाना के खिलाफ FIR, गिरफ्तारी नहीं होने पर हिंदू संगठनों ने दी चेतावनी
बूढ़ी महिला को भेजने का आरोप
पीड़ित ने बताया कि महिला ने अपने साथ गहने भी लेकर फरार हुई है. इसके अलावा उन्होंने उन दो लोगों पर भी आरोप लगाए हैं, जिन्होंने शादी कराई थी. पीड़ित का आरोप है कि हमें फंसा दिया गया और पैसे लेकर बूढ़ी महिला को भेज दिया. अब वह भी भाग निकली. पीड़ित ने बताया कि शादी में हमारे 1 लाख 20 हजार रुपए भी खर्च हो गए.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले को लेकर पुलिस ने भी शिकायत दर्ज कर ली है. रक्सा थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की गई, तो पता चला कि पीड़ित ने खुद ही महिला को छोड़कर आया है. फिलहाल, जांच कर फरार युवकों की भी तलाश की जा रही है.