स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से एक और जहाज पहुंचा भारत, 80,800 मीट्रिक टन कच्चा तेल लाया ‘जग लाडकी’
जग लाडकी जहाज पहुंचा भारत
Jag laadki LPG Tanker: मिडिल ईस्ट में तनाव की वजह से भारत में घरेलू गैस को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई. देश में एलपीजी की कमी की खबरें भी आईं. क्योंकि जंग की वजह से ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ बंद कर दिया गया है. ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ वह इलाका है, जहां से कई देशों के लिए कच्चे तेल की सप्लाई होती है. लेकिन अब इसी बीच भारत के लिए राहत भरी खबर आई है. क्योंकि ईरान ने ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ से भारत के जहाज को निकलने की इजाजत दे दी है. सरकार के मुताबिक, युद्ध के बाद भारत के दो जहाज सुरक्षित पहुंच गए थे. आज तीसरा जहाज भी कच्चा तेल लेकर भारत पहुंचा है.
मीडिया रिपोर्ट की मानें, तो ‘जग लाडकी’ नाम का तीसरा जहाज आज भारत पहुंचा है. इस जहाज में करीब 80,800 मीट्रिक टन कच्चा तेल लदा है. संयुक्त अरब अमीरात से चला यह जहाज आज बुधवार को गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पहुंचा है. खास बात यह है कि रविवार के दिन यह तेल टैंकर रवाना हुआ था और उसके एक दिन पहले ही फुजैराह बंदरगाह पर हमला हुआ था. जहां पर ‘जग लाडकी’ जहाज कच्चा तेल लोड कर रहा था. इस दौरान वहां पर कुछ देर के लिए कार्य बाधित रहा, लेकिन इसके बावजूद रविवार को रवाना हुआ ‘जग लाडकी’ जहाज आज बुधवार को सुरक्षित भारत पहुंच गया है.
80,800 टन कच्चा तेल लेकर पहुंचा ‘जग लाडकी’
सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, इस जहाज में लगभग 80,800 टन ‘मुरबान’ कच्चा तेल लदा है. ‘जग लाडकी’ जहाज ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ के भारत पहुंचने वाला तीसरा जहाज है, जो मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच सुरक्षित भारत पहुंचा है. ईरान ने ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ से निकलने के लिए सिर्फ भारत के जहाज को ही अनुमति दी थी. ईरान ने साफ कहा था कि यह सिर्फ भारत के लिए लिए है. अमेरिका और इजरायल के लिए नहीं.
ये भी पढ़ेंः हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत, फेवरेट सीट के लिए नहीं लगेगा एक्स्ट्रा पैसा, सरकार ने बदले कई नियम
पहले भी पहुंच चुकी 92,712 मीट्रिक टन एलपीजी
इससे पहले आने वाले शिवालिक और नंदा देवी ने मिलकर कुल 92,712 मीट्रिक टन एलपीजी पहुंचाई थी. अब आज बुधवार को तीसरा जहाज ‘जग लाडकी’ भारत पहुंचा है, जिसमें करीब 80,800 टन कच्चा तेल भरा है. यानी कि अब एलपीजी की समस्या भारत से जल्द खत्म होने की उम्मीद है. ‘जग लाडकी’ जहाज को गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर खड़ा किया गया है.