Vistaar NEWS

Haryana: गुरुग्राम में दीवार ढहने से 7 लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

Gurugram Wall Collapse

गुरुग्राम में निर्माणाधीन दीवार ढहने से 7 लोगों की मौत

Gurugram Wall Collapse: हरियाणा के गुरुग्राम जिले में निर्माणाधीन दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई. वहीं कई लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्तपाल में इलाज जारी है. घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

घायलों को पड़ोसी राज्य राजस्थान के भिवाड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल के डॉ. सोमप्रकाश यादव ने कहा, “यह घटना कल (सोमवार) रात करीब 7 बजकर 45 मिनट के आसपास की है, हमें जानकारी मिली कि करीब 10 से 15 लोग कीचड़ में दबे हुए हैं. हमने शुरूआत में जो 4 लोग आए थे, उन्हें बचा लिया था. उसके बाद जो दूसरे लोग आ रहे थे, वे सब गंभीर स्थिति में थे. हमने उन्हें CPR और दूसरी इमरजेंसी सर्विस देने की कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं किया जा सका क्योंकि वे कम से कम डेढ़ घंटे से मिट्टी में दबे हुए थे. उसके बाद 7 शव आए, तो कुल 11 लोग आए थे. अभी 4 लोगों का इलाज चल रहा है.”

मृतकों की हुई पहचान

अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की पहचान कर ली गई है. जिसमें सतीश, भागीरथ, मिलन, शिव शंकर, मंगल और परमेश्वर की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य- छोटेलाल, दीनदयाल, शिवकांत और इंद्रजीत की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है.

ये भी पढ़ेंः ‘इजरायल-ईरान जंग रोकने के लिए PM मोदी की सिर्फ़ एक कॉल…,’, UAE के पूर्व राजदूत का बयान

पुलिस ने शुरू की जांच

अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल मलबे में लोगों को दबे होने की आशंका को देखते हुए राहत कार्य शुरू किया. मलबे में दबे सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है.

कैसे हुए हादसा?

जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम की ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम चल रहा था. इसी दौरान रात करीब 8 बजे के आसपास बेसमेंट में बनी निर्माणाधीन दीवार गिर गई. जिसमें कई मजदूर दब गए. मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने सभी को निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इसके बावजूद 7 लोगों की मौत हो गई. इस घटना ने एक बार फिर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, पुलिस पूछताछ करने में जुटी है.

Exit mobile version