Election dates 2026: चुनाव आयोग ने आज शाम 4 बजे की गई प्रेस क्रॉन्फ्रेंस में 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है. चुनाव आयोग के मुताबिक, असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई, केरल का 23 मई, तमिलनाडु का 10 मई, पश्चिम बंगाल का 7 मई और पुडुचेरी का 15 जून को खत्म हो रहा है. यानी 7 मई से पहले-पहले पांचों राज्यों में चुनाव खत्म कराने का फैसला लिया गया है.
SIR पहले की जा चुकी है प्रकाशित
चारों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की अंतिम मतदाता सूचियां विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन (SIR) के तहत प्रकाशित की जा चुकी हैं. बता दें कि तमाम राजनीतिक दल भी चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं. कांग्रेस ने तो असम के लिए प्रत्याशियों की लिस्ट भी जारी कर दी है.
चार राज्य और एक केंद्रशासित प्रदेश में इन तारीखों पर होगा मतदान
- केरल- 9 अप्रैल
- असम- 9 अप्रैल
- पुदुचेरी- 9 अप्रैल
- तमिलनाडु- 23 अप्रैल
- पश्चिम बंगाल- 23 और 29 अप्रैल
- नतीजे- 4 मई
पिछली बार क्या रहे थे नतीजे?
असम
126 सीटों के लिए पिछली बार तीन चरणों में चुनाव हुए थे. एनडीए ने 75 सीटें जीती थीं. लगातार दूसरी बार असम में बीजेपी की सरकार बनी थी.
पश्चिम बंगाल
राज्य की 294 सीटों के लिए पिछली बार 8 चरणों में चुनाव हुए थे. टीएमसी ने 215 और बीजेपी ने 77 सीटें जीती थीं. ममता बनर्जी मुख्यमंत्री बनी थीं.
तमिलनाडु
234 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में वोट डाले गए थे. डीएमके ने 133 सीटें जीती थीं. अन्नाद्रमुक ने 66 और बीजेपी ने 5 सीटें जीती थीं. एमके स्टालिन सीएम बने थे.
केरल
140 सीटों के लिए एक ही चरण में वोटिंग हुई थी. एलडीएफ ने 99 और यूडीएफ ने 41 सीटें जीती थीं. पिनराई विजयन लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे.
पुडुचेरी
30 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में वोट पड़े थे. एनडीए ने 16 और यूपीए ने 9 सीटें जीती थीं. एनडीए के एन. रंगास्वामी मुख्यमंत्री बने थे.
