स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर BJP ने की तैयारी, सभी सांसदों को जारी किया व्हिप
Parliament
Parliament: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव (no-confidence motion) को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पूरी तैयारी कर ली है. पार्टी ने अपने सभी लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी कर दिया है. बीजेपी द्वारा जारी व्हिप में पार्टी के सभी सांसदों को बुधवार को पूरे दिन सदन में अनिवार्य रूप से रहने और सरकार का समर्थन करने का निर्देश दिया गया है. आइए जानते है कि इस व्हिप में क्या कहा गया है.
संजय जायसवाल द्वारा हस्ताक्षरित व्हिप जारी
बीजेपी संसदीय दल के मुख्य व्हिप डॉ. संजय जायसवाल द्वारा हस्ताक्षरित इस तीन लाइन व्हिप में कहा गया है कि 11 मार्च को लोकसभा में कुछ अत्यंत महत्वपूर्ण विधायी कार्य पारित किए जाएंगे. इसलिए सभी बीजेपी सांसदों को सदन में पूरे दिन मौजूद रहना अनिवार्य है और वो सरकार के रुख का मजबूती से समर्थन करें. व्हिप में स्पष्ट रूप से लिखा है कि सांसद पूरे दिन सदन में रहकर सरकार का पक्ष मजबूत करें.
व्हिप का उल्लंघन करने पर सांसदों के खिलाफ होगी कार्रवाई
बीजेपी संसदीय दल के मुख्य व्हिप डॉ. संजय जायसवाल ने भी कहा कि संसदीय नियमों के तहत व्हिप का उल्लंघन करने पर सांसदों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है. ऐसे में सदन की कार्यवाही के दौरान स्पीकर के पद को लेकर होने वाली ये प्रक्रिया काफी संवेदनशील मानी जा रही है.
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा
गौरतलब है कि पार्टी द्वारा ये विहिप ऐसे समय पर जारी किया गया हैं.जब लोकसभा के बजट सत्र में विपक्ष द्वारा लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की जा रही थी. विपक्ष ने स्पीकर पर पक्षपातपूर्ण व्यवहार करने, विपक्षी सदस्यों की आवाज दबाने और सदन की कार्यवाही में निष्पक्षता न बरतने का आरोप लगाया है.