Vistaar NEWS

‘पंजाब में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी BJP’, अमित शाह बोले- जीत के लिए जान लगा देंगे

Home Minister Amit Shah during the Badlaav Rally in Moga, Punjab.

पंजाब के मोगा में बदलाव रैली के दौरान गृह मंत्री अमित शाह.

Amit Shah in Punjab: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के मोगा में बीजेपी की ‘बदलाव रैली’ को संबोधित किया. इसी के साथ शाह ने पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले चुनावी बिगुल भी फूंक दिया है. इस दौरान अमित शाह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस बार पंजाब में भारतीय जनता पार्टी अकेले ही चुनाव लड़ेगी. अमित शाह के इस ऐलान के साथ ही बीजेपी के अपने पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (बादल) के साथ चुनावी मैदान में उतरने की अटकलों पर पूर्ण विराम लग गया है.

‘BJP की सरकार होती तो करतारपुर साहिब भारत में होता’

मोगा में रैली में पहुंचे अमित शाह ने केसरी रंग की पगड़ी पहनी थी. शाह ने कहा, ‘यह पगड़ी देश पर गुरुघर के कर्ज का प्रतीक है. पंजाब में कॉमेडी करने वाला नहीं, बल्कि काम करने वाला मुख्यमंत्री चाहिए. 2027 में बीजेपी पंजाब में अपनी सरकार बनाएगी. बंटवारे के समय अगर बीजेपी की सरकार होती तो करतारपुर साहिब पाकिस्तान में नहीं बल्कि भारत में होता.’

‘BJP की सरकार बनाने के लिए जी-जान लगा देंगे’

रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव में बीजेपी को समर्थन करने की मांग की. उन्होंने कहा, ‘मैं पंजाब की जनता को अपील करने के लिए आया हूं. हम जब भी आए, छोटे भाई के रूप में आपके सामने आए हैं. हमारी सरकार कभी बननी ही नहीं थी. लेकिन आज मैं कह रहा हूं कि भारतीय जनता पार्टी 2027 में अपनी सरकार बनाने जा रही है. मैं पंजाब की माताओं-बहनों और बुजुर्गों से आशीर्वाद मांगने आया हूं. आप हमको आशीर्वाद दीजिए, हमारी ताकत बढ़ाइए. अगर पंजाब को नशे से कोई मुक्त कर सकता है, तो केवल और केवल नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है. पंजाब को नशे से मुक्त करवाना है, तो डबल इंजन की भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाना है. भारतीय जनता पार्टी पंजाब में सरकार बनाने के लिए जी जान लगा देगी.’

सुखबीर सिंह बादल बोले- हर पार्टी को फैसला लेना का हक

वहीं भारतीय जनता पार्टी के आगामी विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ने के ऐलान के साथ ही पंजाब में सियासत गरमा गई है. शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा, ‘मोस्ट वेलकम है. हर पार्टी को अपना फैसला लेने का हक है. हमारे लिए पंजाब पहले है और पंजाब के लोग पहले हैं.’

ये भी पढे़ं: पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर दानिया शाह के पति ने की 5वीं शादी, नई दुल्हन 9वीं क्लास की स्टूडेंट

Exit mobile version